LIC का मुनाफा जून तिमाही में कई गुना बढ़कर ₹683 करोड़ पर पहुंचा, प्रीमियम इनकम में इजाफा

LIC Q1 Result: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC (लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने शुक्रवार 12 अगस्त को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2022) के नतीजे जारी किए

अपडेटेड Aug 12, 2022 पर 7:50 PM
LIC के शेयर शुक्रवार को NSE पर 0.04 फीसदी गिरकर 682.35 रुपये पर बंद हुए

देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC (लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने शुक्रवार 12 अगस्त को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2022) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर कई गुना बढ़कर 682.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा सिर्फ 2.6 करोड़ रुपये रहा था।

हालांकि तिमाही आधार पर LIC के मुनाफे में भारी गिरावट आई है क्योंकि मार्च तिमाही में इसने 2,371.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। नतीजों के ऐलान के बाद जारी एक बयान में कंपनी ने कहा कि आने वाली तिमाहियों में कंपनी के मुनाफे में कम उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

LIC ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि जून तिमाही में उसका न्यू-पॉलिसी प्रीमियम इनकम बढ़कर 7,429 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,088 करोड़ रुपये था।


यह भी पढ़ें- Retail Inflation: महंगाई दर 5 महीनों के निचले स्तर पर आई, जुलाई में 6.71% रहा रिटेल इंफ्लेशन रेट

इसके अलावा कंपनी की कुल इनकम मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बढ़कर 1,68,881 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी की इनकम 1,54,153 करोड़ रुपये रही थी।

LIC के मुताबिक मार्च तिमाही की तुलना में कंपनी का प्रदर्शन सभी सेगमेंट में घटा है। LIC ने मार्च 2022 में समाप्त तिमाही में 2,371 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट के साथ न्यू-पॉलिसी प्रीमियम इनकम 14,614 करोड़ रुपये और कुल इनकम 2,11,451 करोड़ रुपये दर्ज किया था।

इस बीच शुक्रवार को LIC के शेयर NSE पर 0.04 फीसदी गिरकर 682.35 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 5.08 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं मई में लिस्टिंग के बाद से कंपनी के शेयर अब तक करीब 22.04 फीसदी गिर चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।