सरकार के स्वामित्व वाली कॉपर कंपनी हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (Hindustan Copper Ltd (HCL) ने शुक्रवार को अपने मार्च तिमाही यानी कि चौथी तिमाही के लिए वित्तीय नतीजों की घोषणा की। कंपनी का 31 मार्च, 2023 को समाप्त चौथी तिमाही के लिए शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 48.7 प्रतिशत बढ़कर 132.3 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले साल की चौथी तिमाही में कंपनी ने 89 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था। वहीं मार्च तिमाही के दौरान कंपनी की आय 559.8 करोड़ रुपये रही। जो पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 545.5 करोड़ रुपये रही। अबकी बार कंपनी की आय में 2.6 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला।
ऑपरेटिंग लेवल पर कंपनी का EBITDA इस वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 22.1 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी का EBITDA चौथी तिमाही में बढ़कर 186 करोड़ रुपये हो गया। जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का EBITDA 152.4 करोड़ रुपये रहा था।
चौथी तिमाही में EBITDA मार्जिन 33.2 प्रतिशत रही। जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी की EBITDA मार्जिन 27.9 प्रतिशत रही थी।
Hindustan Copper Ltd के बोर्ड ने नतीजे जारी करने के दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए डिविडेंड के दिये जाने की सिफारिश की है। कंपनी ने कहा कि 5 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 0.92 रुपये डिविडेंड दिया जाना चाहिए।
कल बाजार बंद होने के समय HCL का शेयर 0.29 प्रतिशत या 0.30 रुपये नीचे गिरकर 101.60 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इसके शेयर का 52 वीक हाई 132.35 रुपये रहा है। जबकि इसका 52 वीक लो 81.20 रुपये रहा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)