HUL Q2 Result : देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever) ने सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान 19.6 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ स्टैंडअलोन आधार पर 2,616 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि एक साल पहले समान तिमाही में यह आंकड़ा 2,187 करोड़ रुपये रहा था। वहीं जून, 2022 में समाप्त तिमाही की तुलना में यह 14 फीसदी ज्यादा है।
17 रुपये डिविडेंड का किया ऐलान
इसके साथ ही एचयूएल ने 31 मार्च, 2023 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष के लिए 17 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड (interim dividend) का ऐलान भी किया है। जुलाई-सितंबर, 2022 तिमाही में FMCG कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 15.9 फीसदी बढ़कर 14,751 करोड़ रुपये रहा, जबकि बीते साल समान तिमाही में यह आंकड़ा 12,724 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का एबिटडा 8 फीसदी बढ़कर 3,479 करोड़ रुपये हो गया।
सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही में HUL की नेट सेल्स 16 फीसदी बढ़कर 14,896 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई।
महंगाई का डिमांड पर पड़ा असर
एचयूएल के सीईओ और एमडी संजीव मेहता ने कहा, महंगाई के चलते कंजम्प्शन प्रभावित होने से डिमांड की स्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी रहीं। हालांकि, कुछ कमोडिटीज की कीमतों में नरमी और सरकार की तरफ से हुए मॉनेटरी उपायों के चलते हम निकट भविष्य में सतर्कता के साथ आशावादी हैं। उन्होंने कहा, इन हालात में हम सक्रियता के साथ अपने बिजनेस का प्रबंधन करेंगे। साथ ही मार्जिन को बनाए रखने के लिए अपनी कंज्यूमर फ्रेंचाइजी बढ़ाते रहेंगे।
ग्रोथ को लेकर आश्वस्त एचयूएल
मेहता ने कहा, हम मध्यम से दीर्घ अवधि में भारत के एफएमसीजी सेक्टर और HUL की निरंतर, प्रतिस्पर्धी, प्रॉफिटेबिल और जिम्मेदारीपूर्ण ग्रोथ देने की क्षमता को लेकर आश्वस्त हैं।
शुक्रवार को HUL के नतीजे जारी होने से पहले उसका शेयर लगभग 2 फीसदी के उछाल के साथ एनएसई पर 2,652.60 रुपये पर बंद हुआ।