आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस (ICICI Lombard General Insurance) ने मंगलवार 18 अप्रैल को वित्त वर्ष 2023 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 40 फीसदी बढ़कर 437 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 313 करोड़ रुपये रहा था। ICICI Lombard ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि मार्च तिमाही में उसका कुल इनकम बढ़कर 5,255.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 4,636 करोड़ रुपये था।
तिमाही नतीजों के साथ कंपनी ने 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 55 फीसदी या 5.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड जारी करने का भी ऐलान किया। ICICI Lombard ने इससे पहले 27 अक्टूबर को 4.5 रुपये का अंतरिम डिविडेंड जारी किया था। यह लगातार तीसरा साल है, जब कंपनी ने 2 बार डिविडेंड का ऐलान किया है।
इससे पहले 2022 और 2021 में भी कंपनी शेयरधारकों को अंतरिम डिविडेंड और फाइनल डिविडेंड जारी कर चुकी है। वित्त वर्ष 2022 में ICICI Lombard ने 4 रुपये का अंतरिम डिविडेंड और 5 रुपये का फाइनल डिविडेंड जारी किया था।
ICICI Lombard का ग्रॉस प्रीमियम रिटेन मार्च तिमाही में 7% बढ़कर 5,340 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 5,000 करोड़ रुपये था। इस बीच इसका नेट प्रीमियम रिटेन बढकर चौथी तिमाही में 4,047 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 3,973 करोड़ रुपये था।
कंपनी का पूरे वित्त वर्ष 2023 में शुद्ध मुनाफा 36 प्रतिशत बढ़कर 1,729 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 1,271 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।