IDBI Bank Ltd ने जुलाई-सितंबर 2023 तिमाही (FY24Q2) के लिए वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। बैंक का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 60% बढ़कर 1,323.27 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 828 करोड़ रुपये रहा था। बैंक की ओर से शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा गया कि सितंबर 2023 तिमाही में ऑपरेशंस से आय सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 6,924.18 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले यह 6066 करोड़ रुपये थी। नेट इंट्रेस्ट इनकम में सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की ग्रोथ दिखी और यह 3,067 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। एक साल पहले सितंबर तिमाही में यह 2,738 करोड़ रुपये पर थी।
वहीं IDBI Bank का नेट इंट्रेस्ट मार्जिन 4.33% रहा, जो एक साल पहले 4.37% था। बैंक ने बताया है कि उसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट घटकर सितंबर 2023 तिमाही में 2,072 करोड़ रुपये रहा, जबकि सितंबर 2022 तिमाही में यह 2208 करोड़ रुपये था। ऑपरेटिंग एक्सपेंस सितंबर 2023 तिमाही में 1,884.2 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 1,618 करोड़ रुपये पर थे। बैंक के नेट एडवांसेज सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 1,68,502 करोड़ रुपये पर पहुंच गए।
NPA (Non Performing Assets) की बात करें तो सितंबर 2023 तिमाही में IDBI Bank का ग्रॉस NPA रेशियो 4.90% रहा। यह सितंबर 2022 तिमाही में 16.51% और जून 2023 तिमाही में 5.05% था। नेट NPA रेशियो 0.39% पर आ गया, जो एक साल पहले सितंबर तिमाही में 1.16% और जून 2023 तिमाही में 0.44% था।
IDBI Bank का कैपिटल एडेक्वेसी रेशियो सितंबर 2023 तिमाही में बढ़कर 21.26 प्रतिशत पर पहुंच गया। सितंबर 2022 तिमाही में यह 19.48 प्रतिशत पर था। IDBI Bank का प्रोविजन कवरेज रेशियो 99.10% पर रहा। एक साल पहले सितंबर तिमाही में यह 98.99% पर था। शुक्रवार 20 अक्टूबर को IDBI Bank का शेयर 2.3% गिरकर BSE और NSE पर 67 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था।