IDBI Bank Q4 Results: मार्च तिमाही में 35% बढ़कर ₹691 करोड़ रहा मुनाफा, NPA में भी आया सुधार

IDBI बैंक को कम प्रोविजनिंग और एसेट क्वालिटी में सुधार से चौथी तिमाही में अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली

अपडेटेड May 02, 2022 पर 3:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IDBI बैंक के शेयर सोमवार को NSE पर करीब 1% की तेजी के साथ 45.75 रुपये पर कारोबार कर रहे थे

IDBI बैंक के मुनाफे में वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही के दौरान करीब 35 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बैंक को कम प्रोविजन और एसेट क्वालिटी में सुधार से चौथी तिमाही में अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली। हालांकि बैंक के नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में गिरावट दर्ज की गई है क्योंकि पिछले साल की इसी तिमाही के आंकड़ों में इनकम टैक्स रिफंड पर ब्याज को भी शामिल किया गया था।

बैंक ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 691 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 512.2 करोड़ रुपये था। वहीं इसका नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 25 फीसदी घटकर 2,420.5 करोड़ रुपये रहा।

बैंक ने कहा, "वित्त वर्ष 2021 की चौथी तिमाही में इनकम टैक्स रिफंड पर मिले 1,313 करोड़ के ब्याज को भी नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में शामिल किया गया था। अगर इसे निकाल दें तो मार्च तिमाही में बैंक के नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में पिछले वित्त वर्ष की मार्च तिमाही के मुकाबले करीब 26 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2022 की दिसंबर तिमाही में बैंक का NII 2,383 करोड़ रुपये रहा था।"


यह भी पढ़ें- बाजार दिग्गजों के सुझाए ये शेयर अगले 3-4 हफ्तों में ही बदल सकते हैं आपकी किस्मत, इनसे न चूके नजर

बैंक का लोन बुक मार्च तिमाही के अंत में 1.78 लाख करोड़ रुपये का रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 10 फीसदी अधिक और पिछली तिमाही के मुकाबले 6.5 फीसदी अधिक है। बैंक का डिपॉजिट मार्च तिमाही में 2.33 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 1 फीसदी अधिक और पिछली तिमाही के मुकाबले 4.75 फीसदी अधिक है।

बैंक ने यह भी बताया कि मार्च तिमाही में उसकी डिपॉजिट पर आने वाली लागत 0.48 फीसदी घटकर 3.43 फीसदी रही और फंड जुटाने की लागत 0.47 फीसदी घटकर 3.69 फीसदी रही है। बैंक ने मार्च तिमाही में आकस्मिक निधि और प्रोविजन के तहत 669.2 करोड़ रुपये की राशि अलग रखी है, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 72 फीसदी और ठीक पिछली तिमाही के मुकाबले 16.5 फीसदी अधिक है।

बैड लोन के मोर्चे पर बात करें, तो बैंक का ग्रॉस-नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स (Groos NPA) पिछली तिमाही के मुकाबले 1.43 फीसदी घटकर 19.14 फीसदी रहा। वहीं बैक का नेट-NPA इस दौरान 0.43 फीसदी घटकर 1.27 फीसदी रहा।

इस बीच IDBI बैंक के शेयर सोमवार को एनएसई पर दोपहर 2:30 बजे के करीब 1 फीसदी की बढ़त के साथ 45.75 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने में IDBI बैंक का शेयर करीब 1.89 फीसदी ऊपर चढ़ा है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 26 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।