IndusInd Bank Q4 Result: मुनाफा 51% बढ़कर 1,400 करोड़ हुआ, NII में आया 12.7% का उछाल

प्राइवेट सेक्टर के बैंक, इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) का वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही में मुनाफा 51.2 फीसदी बढ़कर 1,400.5 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Apr 30, 2022 पर 12:57 AM
इंडसइंड बैंक के शेयर शुक्रवार को 1.10 फीसदी गिरकर 977.50 रुपये पर बंद हुए

प्राइवेट सेक्टर के बैंक, इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) का वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही में मुनाफा 51.2 फीसदी बढ़कर 1,400.5 करोड़ रुपये रहा। बैंक को पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 926.07 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं तिमाही आधार पर बैंक का मुनाफा 12.8 फीसदी बढ़ा है क्योंकि दिसंबर तिमाही में इसने 1,241.39 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।

बैंक को नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) मार्च तिमाही में 12.7 फीसदी बढ़कर 3,985 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 3,534.61 करोड़ रुपये रहा। दिसंबर तिमाही में बैंक को नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 3,793.51 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह तिमाही आधार पर NII में 5.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वित्त वर्ष 2022 में 64 फीसदी बढ़ा मुनाफा

इंडसइंड का मुनाफा पूरे वित्त वर्ष 2022 में 64 फीसदी बढ़कर 4,804.6 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2021 में 2,929.88 करोड़ था। वहीं बैंक का कंसॉलिडेटेड NII पूरे वित्त वर्ष में 11 फीसदी बढ़कर 15,000 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष में 13,528 करोड़ रुपये था।


यह भी पढ़ें- Ruchi Soya के FPO ने सिर्फ 3 हफ्तों में निवेशकों को दिया 70% का रिटर्न, क्या आपने भी लगाया पैसा?

बैंक को ब्याज से हुई कमाई

इंडसइंड बैंक ने मार्च तिमाही में ब्याज के जरिए 7,860 करोड़ रुपये की कमाई की। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में ब्याज के जरिए कमाई गई 7,419 करोड़ रुपये की राशि से 6 फीसदी अधिक है। वहीं तिमाही आधार पर इसमें मार्च तिमाही में 2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

बैंक को ब्याज पर हुआ कमाई

वहीं इस दौरान इंडसइंड बैंक का ब्याज देने पर होने वाला खर्च 3,875 करोड़ रुपये पर लगभग पिछले साल की इसी तिमाही के बराबर रहा। साथ ही पिछली यानी दिसंबर तिमाही में ब्याज पर हुए 3,944 करोड़ रुपये के खर्च से यह करीब 2 फीसदी कम रही। इंडसइंड बैंक को अपनी ब्याज लागत घटाने से ब्याज से होने वाली कमाई बढ़ाने में मदद मिली। बता दें कि ब्याज देने पर हुए खर्च और लोन के तौर पर दिए पैसों पर मिले ब्याज के अंतर को ही नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) कहते हैं।

दूसरे स्रोतों से हुई कमाई

इंडसइंड बैंक की दूसरे स्रोतों से आमदनी मार्च तिमाही में 1,905 करोजड रुपये बढ़कर 7 फीसदी रही, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 1,780 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर इसमें 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

इंडसइंड बैंक के शेयरों का हाल

इस बीच इंडसइंड बैंक के शेयर शुक्रवार को 1.10 फीसदी गिरकर 977.50 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में इंडसइंड के शेयर में करीब 5.53 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों की कीमत 4.55 फीसदी बढ़ी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।