Infosys Q4 Results: देश की दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने वित्त वर्ष 2021-22 के चौथी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। जिसके मुताबिक इस अवधि में कंपनी का मुनाफा इसी साल के तीसरे तिमाही के 5,809 करोड़ रुपये से घटकर 5,686 करोड़ रुपये पर आ गया हैं। प्रतिशत में देखें तो चौथी तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी के मुनाफे में 12 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है जबकि तिमाही आधार पर मुनाफा 2 फीसदी घटा है।
इसी अवधि में कंपनी की आय तीसरी तिमाही के 31,867 करोड़ रुपये से बढ़कर 32,276 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इसी तरह कंपनी की आय सालाना आधार पर 23 फीसदी बढ़ी है। जबकि तिमाही आधार पर इसमें सिर्फ 1 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
तिमाही दर तिमाही आधार पर तीसरी तिमाही में इंफोसिस का EBIT 7,484 करोड़ रुपये से घटकर 6,956 करोड़ रुपये पर आ गया है जबकि तिमाही आधार पर EBIT मार्जिन 23.5 फीसदी से घटकर 21.5 फीसदी पर आ गई है। चौथी तिमाही के दौरान सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों और हायर वीजा कॉस्ट ने कंपनी के मार्जिन पर दबाव बनाया है।
चौथी तिमाही में कंपनी की डॉलर आय तीसरी तिमाही के 425 करोड़ डॉलर से बढ़कर 428 करोड़ डॉलर पर आ गई है। चौथी तिमाही में कंपनी की Constant Currency रेवेन्यू ग्रोथ 1.2 फीसदी पर रही है जबकि CNBC-TV18 के पोल में इसके 3.2 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया था।
वहीं इसी अवधि में Attrition Rate (नौकरी छोड़कर जाने वाले) पिछली तिमाही के 25.5 फीसदी से बढ़कर 27.7 फीसदी पर आ गई है।
कंपनी के पूरे वित्त वर्ष 2021-22 के प्रदर्शन पर नजर डालें तो इस अवधि में कंपनी को 22,110 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है जबकि वित्त वर्ष 2020-21 में कंपनी का मुनाफा 19,351 करोड़ रुपये पर रहा था। सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 के मुनाफे में 14 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
आय के मोर्चे पर देखें तो वित्त वर्ष 2022 में कंपनी की रुपये में होने वाली आय सालाना आधार पर 21 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 121,641 करोड़ रुपये पर रही है जो कि वित्त वर्ष 2020-21 में 100,472 करोड़ रुपये पर रही थी।
कंपनी के आगे के प्रदर्शन पर गाइडेंस देते हुए कहा गया है कि वित्त वर्ष 2023 में कंपनी की कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ 13 से 15 फीसदी रह सकती है। बता दें कि CNBC-TV18 के पोल में कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ के गाइडेंस के 12-14 फीसदी रहने का अनुमान किया गया था।
इसी तरह कंपनी ने आगे कहा है कि वित्त वर्ष 2023 में कंपनी की मार्जिन 21-23 फीसदी रह सकती है। वहीं CNBC-TV18 के पोल में इस गाइडेंस के 22-24 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया था।
बतातें चलें कि पूरे वित्त वर्ष 2022 में कंपनी का कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ 19.7 फीसदी पर रहा है जबकि कंपनी ने अपने गाइडेंस में इसके 19.5-20 फीसदी पर रहने का अनुमान किया था। इसी तरह वित्त वर्ष 2022 में कंपनी की मार्जिन 23 फीसदी पर रही है जबकि कंपनी ने अपने गाइडेंस में इसके 22-24 फीसदी पर रहने का अनुमान किया था।
चौथी तिमाही में कंपनी को 2.3 अरब डॉलर के बड़े ऑर्डर मिले हैं। इंफोसिस के सीईओ ने इस मौके पर कहा है कि कंपनी ने व्यापक आधार वाले प्रदर्शन के साथ मार्केट हिस्सेदारी में बढ़ोतरी जारी रखने में कामयाबी पाई है और 1 दशक का हाइएस्ट एनुअल ग्रोथ हासिल किया है।