ITC Q3 Result : सिगरेट से लेकर साबुन बनाने वाली FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी ITC ने वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़ा है और यह 5,031 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 4,156 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। दिसंबर तिमाही में ITC के नतीजे अनुमान से बेहतर रहे हैं। मनीकंट्रोल द्वारा कराए गए पोल में ब्रोकरेज के अनुमानों के मुताबिक कंपनी का मुनाफा 4,614 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद थी। तिमाही नतीजों के साथ ही कंपनी ने 31 मार्च 2023 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए 6 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया है।
