Jio Financial Services December Quarter Result: नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे सामने आ गए हैं। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर फ्लैट रहकर 294.78 करोड़ रुपये रहा। शेयर बाजारों को दी गई जानकारी के मुताबिक, एक साल पहले कंपनी का शुद्ध मुनाफा 293.82 करोड़ रुपये था।
दिसंबर 2024 तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले के मुकाबले लगभग 6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 438.35 करोड़ रुपये रहा। दिसंबर 2023 तिमाही में यह 413.61 करोड़ रुपये था। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की फाइनेंशियल सर्विसेज आर्म है। यह शेयर बाजारों में अगस्त 2023 में लिस्ट हुई थी।
दिसंबर 2024 तिमाही में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के कंसोलिडेटेड बेसिस पर खर्च सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 130.75 करोड़ रुपये हो गए, जो एक साल पहले 98.95 करोड़ रुपये पर थे। कंपनी की ब्याज आय लगभग 22 प्रतिशत की कमी के साथ 210.07 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो दिसंबर 2023 तिमाही में 269.08 करोड़ रुपये थी। कंपनी की कुल इनकम दिसंबर 2024 तिमाही में 448.89 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 414.33 करोड़ रुपये थी।
दो सप्ताह में शेयर 9 प्रतिशत टूटा
17 जनवरी को Jio Financial Services का शेयर बीएसई पर लगभग 1 प्रतिशत बढ़त के साथ 279.05 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.77 लाख करोड़ रुपये है। शेयर एक साल में 15 प्रतिशत मजबूत हुआ है। वहीं केवल 2 सप्ताह में 9 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी में दिसंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 47.12 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।