Laurus Laboratories Q2 results: लॉरस लैबोरेटरीज के शुद्ध मुनाफे में सितंबर तिमाही के दौरान 84.1 फीसदी की गिरावट आई। कंपनी ने शुक्रवार 20 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी करते हुए यह जानकारी की। कंपनी ने बताया कि दूसरी तिमाही के दौरान उसका शुद्ध मुनाफा 37.12 करोड़ रुपये रहा, जो एनालिस्ट्स की ओर से लगाए गए 127 करोड़ रुपये के अनुमान से काफी कम है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही 232.08 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। नतीजों के साथ कंपनी ने प्रति शेयर 0.40 फीसदी का अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
Laurus Labs का रेवेन्यू भी सितबंर तिमाही में 22.3 फीसदी घटकर 1,224 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,575.89 करोड़ रुपये था। CNBC-TV18 की ओर से कराए गए एक पोल में ब्रोकरेज ने 1,372 करोड़ रुपये का रेवेन्यू रहने का अनुमान जताया था।
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) सितंबर तिमाही में कम होकर 187 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष इसी तिमाही में 448.9 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कंपनी का EBITDA मार्जिन सितंबर में कम होकर 15.3 फीसदी पर आ गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 28.5 फीसदी था।
Laurus Labs ने कहा कि API (एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट) और FDF (फिक्स्ड डोज फॉर्म) कारोबार में मजबूत मांग के कारण उसके ग्रोथ में तेजी आई है। कंपनी ने कहा कि उसने तिमाही के दौरान रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर 58 करोड़ रुपये खर्च किया है, जो उसके रेवेन्यू का 4.7 फीसदी था। कंपनी ने कहा कि इस R&D खर्च का एक हिस्सा जेनरिक थेरेपी क्षेत्र में अतिरिक्त पहल के कारण था।
कंपनी के फाउंडर और सीईओ डॉ. सत्यनारायण चावा ने एक प्रेस बयान में कहा, "दूसरी तिमाही से कारोबारी परिणामों में सुधार होना शुरू हो गया है और हमारे सभी बिजनेस सेगमेंट की सेहत बरकरार है।" नतीजों से पहले Laurus Labs के शेयर शुक्रवार को एनएसई पर 0.96 फीसदी बढ़कर 400.20 रुपये के भाव पर बंद हुए।