महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का प्रदर्शन जून तिमाही में शानदार रहा। कंपनी ने 4 अगस्त को इस फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का मुनाफा 98 फीसदी चढ़कर 2,774 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 1,404 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू 23 फीसदी के उछाल के साथ 24,368 करोड़ रुपये रहा। फाइनेंशियल ईयर 2022-23 की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 19,813 करोड़ रुपये था। एनालिस्ट्स ने कंपनी का मुनाफा जून तिमाही में 1,865 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था।
व्हीकल्स की कीमतें बढ़ाने से मिली मदद
पांच ब्रोकरेज फर्मों के पोल में एनालिस्ट्स ने कंपनी का मुनाफा जून तिमाही में 27 फीसदी बढ़कर 1,865 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। कंपनी का रेवेन्यू 20 फीसदी बढ़कर 23,457 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया गया था। इंडस्ट्री एनालिस्ट्स का कहना है कि औसत बिक्री कीमतों में वृद्धि और कमोडिटी की कीमतों में नरमी से एमएंडएम को अच्छा मुनाफा कमाने में मदद मिली। ऑटोमोटिव सेगमेंट में कंपनी की कुल बिक्री 1,00,172 रही। यह एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 31 फीसदी ज्यादा है।
फॉर्म मशीनरी सेगमेंट का रेवेन्यू 24% बढ़ा
1 अगस्त को कंपनी के एसयूवी की बुकिंग की संख्या 2,81,000 से ज्यादा थी। इससे कंपनी की एसयूवी की मजबूत डिमांड का पता चलता है। फॉर्म इक्विपमेंट में भी कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। इसकी बिक्री 1,14,000 यूनिट्स रही, जो किसी तिमाही में दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है। फॉर्म मशीनरी से कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 24 फीसदी बढ़कर 181 करोड़ रुपये रहा।
ऑपरेटिंग प्रॉफिट में शानदार उछाल
एमएंडएम के एमडी और सीईओ अनीश शाह ने कहा कि जून तिमाही में ऑटो, फॉर्म और सर्विसेज में हमारे बिजनेसेज का अच्छा प्रदर्शन रहा। कंपनी की मार्केट में लीडरशिप पॉजिशन का फायदा इसके ऑटो सेगमेंट को मिला। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट दोगुना हो गया। ऑटोमोटिव सेगमेंट का स्टैंडएलोन PBIT 1,252 करोड़ रुपये रहा, जो साल दर साल आधार पर 86 फीसदी ज्यादा है। कंपनी का PBIT मार्जिन 2.2 फीसदी बढ़कर 7.5 फीसदी हो गया।
M&M के शेयरों में 4 अगस्त को दबाव देखने को मिला। 2:01 बजे शेयर का प्राइस 2.24 फीसदी की गिरावट के साथ 1,401 रुपये रहा। सुबह में कंपनी के शेयर 1,482 रुपये पर खुला। 1:20 बजे के बाद शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। इससे शेयर में गिरावट आई।