Nykaa Q4 Results: ब्यूटी प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन रिटेल बिक्री करने वाली कंपनी नायका (Nykaa) का कंसॉलिडेटड नेट प्रॉफिट वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही के दौरान घटकर आधा हो गया। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसॉलिडेटड नेट प्रॉफिट 49.2 फीसदी घटकर 8.56 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 16.88 करोड़ रुपये था। वहीं दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 27.93 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी के मुनाफे में गिरावट के पीछे उसके खर्च में बढ़ोतरी और पर्सनल केयर उत्पादों को लेकर सुस्त मांग को वजह बताई जा रही है। FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड (Nykaa की पैरेंट कंपनी) ने शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद से अभी तक दोनों तिमाही में मुनाफे में तेज गिरावट की जानकारी दी है। कंपनी का कहना है कि उसने महामारी से उबरने के बाद मार्केटिंग और ब्रांड से जुड़े खर्चों को बढ़ाया है, जिसका असर उसके मुनाफे पर देखा जा रहा है।
हालांकि इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 31.4% बढ़कर 973.32 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 740.52 करोड़ रुपये था। हालांकि दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1,098.36 करोड़ रुपये था और उससे मुकाबले इसमें गिरावट आई है।
नायका का कुल कंसॉलिडेटेड खर्च मार्च तिमाही में 35 फीसदी बढ़कर 978.64 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 724.50 करोड़ रुपये था।
इस बीच नायका के शेयर शुक्रवार को NSE पर 0.50 फीसदी गिरकर 1,358.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में इसके शेयरों में करीब 20.68 फीसदी की गिरावट आ चुकी है, जबकि इस साल की शुरुआत से अभी तक यह करीब 35 फीसदी गिर चुका है।