ONGC Q1 Result: भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी ONGC (ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड) का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून तिमाही) में 251 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 15,205.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने शुक्रवार 12 अगस्त को जून तिमाही के नतीजों का ऐलान करते हुए बताया कि तेल और गैस के दाम बढ़ने से इस तिमाही में उसका मुनाफा बढ़ा है।
इससे पिछले वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का स्टैंअलोन नेट प्रॉफिट 4,334.75 करोड़ रुपये रहा था। ONGC ने बताया कि जून तिमाही में उसका रेवेन्यू 84 फीसदी बढ़कर 42,321 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 23,021.64 करोड़ रुपये था।
ONGC ने बताया कि उसके ऑफशोर बिजनेस में जून तिमाही में 91 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 27,990.4 करोड़ रुपये रहा। वहीं कंपनी का ऑनशोर बिजनेस 72 फीसदी बढ़कर 14,330.3 करोड़ रुपये पर रहा।
ONGC के ऑफशोर बिजनेस का EBIT (अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट एंड टैक्स) सालाना आधार पर 133 फीसदी बढ़कर 16,036 करोड़ रुपये रहा। वहीं ऑनशोर बिजनेस का EBIT सालाना आधार पर 682.5 फीसदी बढ़कर 4,890.3 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) जून तिमाही में सालाना आधार पर 125 फीसदी बढ़कर 24,731 करोड़ रुपये रहा। वहीं ऑपरेटिंग मार्जिन 10.65 फीसदी बढ़कर 58.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इस बीच ONGC के शेयर शुक्रवार को NSE पर 5.05 फीसदी बढ़कर 139.50 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 12.09 फीसदी की तेजी आई है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक कंपनी के शेयर करीब 2.48 फीसदी नीचे गिरे हैं। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 20.16% फीसदी का रिटर्न दिया है।