ऑनलाइन इंश्योरेंस ब्रोकर पॉलिसी बाजार (Policybazaar) की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक (PB Fintech) ने 10 अगस्त को अपने वित्त वर्ष 2023 के पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 जून 2022 को खत्म हुई इस तिमाही में कंपनी का घाटा बढ़कर 204.33 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। बता दें कि 30 जून 2021 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी को 110.84 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था।
30 जून 2022 को खत्म हुई तिमाही में PB Fintech की आय सालाना आधार पर दोगुना होकर 505.18 करोड़ रुपये रही है। वहीं 30 जून 2021 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 237.73 करोड़ रुपये पर रही है।
कंपनी ने अपने नतीजे जारी करते हुए सूचित किया है कि जून 2022 तिमाही में उसके इंश्योरेंस प्रीमियम सेगमेंट में 52 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है और यह 2,430 करोड़ रुपये रही है जबकि यह जून 2021 की तिमाही में 1594 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी ने कहा है कि इस समय हम सालाना आधार पर 52 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 9,700 करोड़ रुपये से ज्यादा के एनुअल इंश्योरेंस प्रीमियम रन रेट पर हैं।
PB Fintech ने यह भी बताया है कि जून तिमाही में Paisabazaar का क्रेडिट वितरण में सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह 984 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,320 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
बताते चलें कि Policybazaar और Paisabazaar.com ऑपरेट करने वाली कंपनी PB Fintech का शेयर 15 नवंबर 2021 को बाजार में लिस्ट हुआ था। PB Fintech का स्टॉक बाजार में करीब 17 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुआ था। PB Fintech का आईपीओ 1 नवंबर को खुला था।
शेयर की आज की चाल पर नजर डालें तो 10.45 बजे के आसपास PB Fintech का शेयर एनएसई पर 12.00 रुपये यानी 2.17 फीसदी की बढ़त के साथ 572.80 रुपये के स्तर पर नजर आ रहा था। स्टॉक का 52 वीक हाई 1470.00 रुपये पर है जबकि 52 वीक लो 454.30 रुपये पर है। कंपनी का मार्केट कैप 25751 करोड़ रुपये है। इसका वर्तमान वॉल्यूम 947523 शेयरों का है।