सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही में स्टैंडअलोन प्रॉफिट 66 फीसदी घटकर 202 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में बैंक को 586 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। मार्च तिमाही के दौरान बैंक के नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) में गिरावट आई है, लेकिन प्रोविजन ऊंचा रहने से उसके मुनाफे में कमी आई है।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में पंजाब नेशनल बैंक ने बुधवार को बताया कि मार्च तिमाही में उसका कुल स्टैंडअलोन रेवेन्यू 21,095 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 21,386 करोड़ रुपये था। बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 5 फीसदी बढ़कर 7,305 करोड़ रुपये रहा।
वित्त वर्ष 2022 में हुआ ₹3,456.96 करोड़ का मुनाफा
बैंक का नेट NPA भी 5.73 फीसदी से घटकर 4.8 फीसदी रह गया। चौथी तिमाही में बैंक का डूबे कर्ज और आकस्मिक खर्च के लिए प्रोविजिन 3,540.32 करोड़ रुपये से बढ़कर 4,851.47 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने 2021-22 के लिए दो रुपये के अंकित मूल्य के शेयर पर 64 पैसे प्रति शेयर के डिविडेंड की सिफारिश की है।
इस बीच पंजाब नेशनल बैंक के शेयर बुधवार को 0.45% की गिरावट के साथ 33.15 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में पीएनबी के शेयरों में 9.80 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयर 10.65 फीसदी गिरे हैं।