ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) वरुण दुबे ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एक दिन पहले कंपनी के चीफ टेक्निकल ऑफिसर (CTO) दिनेश राधाकृष्णण ने भी इस्तीफा दिया था। ओला इलेक्ट्रिक के शीर्ष-स्तर पर यह इस्तीफे ऐसे समय में देखे जा रहे हैं, जब कंपनी तकनीकी मुद्दों और भारी संख्या में ग्राहकों की शिकायतों की समस्या से जूझ रही है।
पिछले हफ्ते मनीकंट्रोल ने एक रिपोर्ट में बताया कि OLA Cars के सीईओ अरुण श्रीदेशमुख (Arun Sirdeshmukh)और ओला के चीफ ऑफ ग्रुप स्ट्रेटजी अमित अंचल (Amit Anchal) इस्तीफा दे रहे हैं। ओला के लिस्टिंग प्लान में हो रही देरी और कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटरों में लगातार आ रही तकनीकी खराबी की खबरों के बीच इन दोनों के इस्तीफे की खबर काफी अहम है।
अरुण श्रीदेशमुख ओला इलेक्ट्रिक के 'गो टू मार्केट' सेगमेंट की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। लेकिन अब उन्होंने कंपनी को छोड़ने का निर्णय लिया है। इसी तरह यह माना जा रहा था कि अमित अंचल ओला के IPO योजना में अहम भूमिका निभाएंगे लेकिन इनके इस्तीफे की खबर के बीच कंपनी की फंड रेजिंग योजना अनिश्चितताओं में घिर गई है।
OLA के एक प्रवक्ता ने पुष्टि किया कि वरुण दुबे निजी कारणों से कंपनी छोड़ रहे हैं। कुछ महीने पहले तक वरुण कंपनी का चेहरा थे, जो मीडिया के सवालों और वाहनों की डिलीवरी व गुणवत्ता के बारे में आलोचनाओं का जवाब देते थे। हालांकि सूत्रों ने बताया कि वरुण ने पिछले कुछ हफ्तों में काम पर आना बंद कर दिया था।
ओला में यह इस्तीफे ऐसे समय में हो रहे हैं, जब कंपनी ने अपने शीर्ष-स्तर पर हाल ही में बदलाव किया है। Ola के फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल (Bhavish Aggarwal) ने कंपनी में अपनी जिम्मेदारी बदलती हुए खुद को रोजाना के कामकाज से दूर कर लिया है। इसकी जगह अब वह इंजीनियरिंग से जुड़े कार्यों, टीम बिल्डिंग और प्रोडक्ट्स पर अधिक फोकस कर रहे हैं। साथ ही वह टू-व्हीलर, कार और क्विक कॉमर्स जैसी लंबी अवधि के रणनीतिक प्रोजेक्ट्स पर फोकस करेंगे और विदेशों में कंपनी के विस्तार पर ध्यान देंगे।
ओला (Ola) का रोजाना का कामकाज अब जीआर अरुण कुमार (GR Arun Kumar) संभाल रहे हैं, जो फिलहाल ओला के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) और ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के CFO हैं। जीआर अरुण कुमार ने करीब एक साल पहले ओला को ज्वाइन किया था।