Power Grid Q2 Result: पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन (Power Grid Corporation Limited) ने 5 नवंबर को अपने वित्त वर्ष 2023 के सितंबर तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। 30 सितंबर 2022 को खत्म हुई इस तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड प्रॉफिट में 8 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है और यह 3650.2 करोड़ रुपये पर रहा है। गौरतलब है कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 3376 करोड़ रुपये पर रहा था। तिमाही आधार पर देखें तो सितंबर तिमाही में कंपनी के मुनाफे में 3 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। गौरतलब है कि वर्तमान वित्त वर्ष की अप्रैल -जून या पहली तिमाही में कंपनी को 3801 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
सितंबर तिमाही में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन की आय सालाना आधार पर 11151 करोड़ रुपये पर रही है जो कि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 10267 करोड़ रुपये पर रही थी। तिमाही आधार पर कंपनी की रेवेन्यू 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। बता दें कि इसी वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की आय 10905 करोड़ रुपये पर रही थी।
हायर एसेट कैपिटलाइजेशन का मिला फायदा
कंपनी को पिछले 12 महीनों के दौरान हुए हायर एसेट कैपिटलाइजेशन का फायदा मिला है। दूसरी तिमाही के कंपनी के ट्रांसमिशन बिजनेस से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर 9 फीसदी और तिमाही आधार पर 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। बता दें कि ट्रांसमिशन कारोबार से होने वाली आय का कंपनी की कुल कमाई में 97 फीसदी हिस्सा होता है।
सितंबर तिमाही में कंपनी का एबिटडा EBITDA सालाना आधार पर दूसरी तिमाही में 9110 करोड़ रुपये से बढ़कर 9426 करोड़ रुपये पर आ गया है। वहीं एबिटडा मार्जिन 88.7 फीसदी से घटकर 84.5 फीसदी पर आ गया है।
5 रुपये प्रति इक्विटी शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 5 रुपये प्रति इक्विटी शेयर अंतरिम डिविडेंड के भुगतान को भी मंजूरी दे दी है। इस डिविडेंड का भुगतान 30 नवंबर 2022 को किया जाएगा।
1 महीने 8.5 फीसदी भागा शेयर
शेयर की चाल पर नजर डालें तो एनएसई पर पावर ग्रिड के शेयर शुक्रवार को 1.90 रुपये यानी 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ 226.15 रुपये पर बंद हुए थे। जबकि सेंसेक्स 113.95 अंक की बढत के साथ 60,950.36 के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले 1 साल में इस स्टॉक ने 22 फीसदी का रिटर्न दिया है। जबकि पिछले 1 महीने में इस शेयर में 8.5 फीसदी की बढ़त देखने को मिल रही है।