PVR Inox Q1 Results: देश के कई शहरों में मल्टीप्लेक्स सिनेमाहॉल चलाने वाली कंपनी पीवीआर-आईनॉक्स को मौजूदा वित्त वर्ष की जून तिमाही में 81.6 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ। जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 53 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी ने मंगलवार 1 अगस्त को जून तिमाही के नतीजे जारी करते हुए यह जानकारी दी। कंपनी के घाटे में आने के पीछे मुख्य वजह इसके खर्चों में बढ़ोतरी रही। जून तिमाही में पीवीआर-आईनॉक्स का खर्च 56 फीसदी बढ़कर 1,437.70 करोड़ रुपये रहा, जो इसके लिए पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 917 करोड़ रुपये था।
कंपनी का रेवेन्यू जून तिमाही में सालाना आधार पर 33 प्रतिशत बढ़कर 1,304.9 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 981 करोड़ रुपये था।
PVR Inox का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) जून तिमाही में बढ़कर 352.5 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 341.7 करोड़ रुपये था। हालांकि इसका का मार्जिन घटकर 27 फीसदी पर आ गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 34.8 फीसदी था।
कंपनी ने बताया कि जून तिमाही के दौरान टिकटों की बिक्री में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि फूड एंड बेवरेजेस की बिक्री तिमाही आधार पर 22 प्रतिशत बढ़ी। पीवीआर ने कहा कि उसके सिनेमा एडवर्टाइजिंग से होने वाली आय सालाना आधार पर लगभग सपाट रही।
इस बीच पीवीआर आईनॉक्स के शेयर दोपहर 3 बजे के करीब, एनएसई पर 0.36 फीसदी बढ़कर 1,562.50 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 13.28 फीसदी की तेजी आई है, जबकि इस साल की शुरुआत से इसके शेयरों का भाव 7.93 फीसदी बढ़ा है।