PVR Inox Share Price: मल्टीप्लेक्स चलाने वाली कंपनी पीवीआर आईनॉक्स (PVR Inox) ने आज यानी कि 19 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही के लिए अपने नतीजे जारी कर दिये। कंपनी की दूसरी तिमाही अच्छी रही है। वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही में कंपनी ने 207.3 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। जबकि जून तिमाही में कंपनी को 81.6 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही में जवान, जेलर और गदर 2 सहित फिल्मों की सफलता के कारण कंपनी का कारोबार अच्छा रहा। PVR Inox की Q2FY24 में आय 2,019.6 करोड़ रुपये रही। जबकि Q1 FY24 में कंपनी की आय 1,329.8 करोड़ रुपये रही थी।
जून तिमाही में मल्टीप्लेक्स ऑपरेटर को हिंदी फिल्मों के औसत से कम प्रदर्शन, दर्शकों की संख्या में धीमी गति से रिकवरी और सिनेमा विज्ञापन रेवन्यू में मंदी का सामना करना पड़ा। इसके दूसरी तरफ सितंबर तिमाही में बॉक्स ऑफिस पर कई सफल फिल्मों के कारण कंपनी ने दूसरी तिमाही में मुनाफा दर्ज किया।
एनालिस्ट्स को उम्मीद थी कि PVR Inox दूसरी तिमाही में 1,890 करोड़ रुपये के रेवन्यू के साथ रिकॉर्ड प्रदर्शन करेगी। इस आकलन के पीछे का कारण ये रहा कि सितंबर तिमाही में आठ फिल्मों ने 100 करोड़ रुपये का शुद्ध बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (net box office collections (NBOC) पार कर लिया था।
एनएसई पर ये शेयर रिजल्ट घोषित होने के बाद 1.03 प्रतिशत या 18.10 रुपये गिरकर 1754.85 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। पिछले 1 हफ्ते में इसमें 0.67 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। वहीं पिछले 1 महीने में ये शेयर 2.51 प्रतिशत से ज्यादा दौड़ा है। एक साल की बात करें तो इसमें पिछले एक साल में 1.52 प्रतिशत की गिरावट नजर आई है। इस शेयर का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1925.45 रुपये रहा। जबकि 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 1336.40 रुपये रहा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)