कोरोना काल से ही आर्थिक मोर्चे पर कमजोरी झेल रही मल्टीप्लेक्स कंपनी पीवीआर (PVR) के लिए वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही अच्छी रही है। आज इस मल्टीप्लेक्स कंपनी ने अपने वित्त वर्ष 23 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किये हैं। वित्तीय नतीजों के मुताबिक तीसरी तिमाही में कंपनी घाटे से मुनाफे में आ गई है। वित्त वर्ष 23 की तीसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 16.1 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड घाटा 10.2 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 23 की तीसरी तिमाही में कंपनी की आय में इजाफा देखने को मिला है। इसके अलावा कंपनी का EBITDA भी सालाना आधार पर बढ़ा है।
कंपनी की आय हुई बढ़ोत्तरी
वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में PVR की कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर बढ़कर 941 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 614 करोड़ रुपये रही थी।
सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में PVR का EBITDA बढ़कर 288.8 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी EBITDA 165 करोड़ रुपये रहा था।
मार्जिन 26.9% से बढ़कर 30.7%
वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में PVR की EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर बढ़कर 30.7% रही जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी की EBITDA मार्जिन 26.9% रही थी।
आज 19 जनवरी को बाजार बंद होने पर पीवीआर का शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ। आज बाजार बंद होने के समय कंपनी का शेयर 0.49 प्रतिशत या 8.25 रुपये चढ़कर 1677.90 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इसका 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर (52 week high) 2214.85 रुपये रहा है जबकि इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर (52 week low )1477.05 रुपये रहा है। आज के दिन इस शेयर ने 1684 रुपये का हाई हिट किया जबकि 1646.05 रुपये का लो हिट किया
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)