RBL Bank June Quarter Result: वित्त वर्ष 2025 की अप्रैल-जून तिमाही में आरबीएल बैंक का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 29 प्रतिशत बढ़कर 371.52 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 288.11 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान बैंक की कुल ब्याज आय सालाना आधार पर 22.4 प्रतिशत बढ़कर 3496.24 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 2855.88 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज आमदनी जून तिमाही में 20 प्रतिशत बढ़कर 1,700 करोड़ रुपये हो गई।
कुल इनकम सालाना आधार पर 21.4 प्रतिशत बढ़कर 4301.70 करोड़ रुपये हो गई, जो जून 2023 तिमाही में 3541.29 करोड़ रुपये थी। ऑपरेटिंग खर्च सालाना आधार पर करीब 13 प्रतिशत बढ़कर 1646.35 करोड़ रुपये पर पहुंच गए, जो एक साल पहले 1460.12 करोड़ रुपये के थे। जून तिमाही में कर्ज में 19 प्रतिशत वृद्धि हुई। बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन 5.67 प्रतिशत रहा। बैंक की जमा वृद्धि 18 प्रतिशत रही।
जून 2024 तिमाही में RBL Bank का ग्रॉस एनपीए सालाना आधार पर घटकर 2.69 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 3.22 प्रतिशत था। तिमाही के दौरान नेट एनपीए सालाना आधार पर कम होकर 0.74 प्रतिशत हो गया। जून 2023 तिमाही में यह 1 प्रतिशत था। जून 2024 तिमाही में बैंक के प्रोविजंस बढ़कर 366.29 करोड़ रुपये हो गए, जो एक साल पहले 266.19 करोड़ रुपये के थे।
शुक्रवार 19 जुलाई को RBL Bank का शेयर 1 प्रतिशत गिरावट के साथ 240.15 रुपये पर क्लोज हुआ। बैंक का मार्केट कैप 14500 करोड़ रुपये है। पिछले एक साल में शेयर करीब 13 प्रतिशत मजबूत हुआ है। बैंक में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।