RIL Q2 Results : देश की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में कंपनी का कंसोलीडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 27 फीसदी बढ़कर 17394 करोड़ रुपए रहा है। वहीं, वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 13656 करोड़ रुपए पर रहा था। इसी तरह 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में कंपनी की आय 2.34 लाख करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में कंपनी की आय 2.35 लाख करोड़ रुपए रही थी।
दूसरी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का कंसोलीडेटेड EBIDTA 44867 करोड़ रुपये ( 5.4 अरब डॉलर ) रहा है। इसमें सालाना आधार पर 30.2 फीसदी की बढ़त हुई है। सालाना आधार पर दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 31224 करोड़ रुपए से बढ़कर 40968 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 6.8 फीसदी से बढ़कर 7.6 फीसदी पर रहा है।
30 सितंबर 2023 को खत्म हुई दूसरी तिमाही में ऑयल टू केमिकल कारोबार की आय 1.33 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 1.48 लाख करोड़ रुपए रही है। वहीं इस अवधि में ऑयल टू केमिकल कारोबार की EBITDA तिमाही आधार 15271 करोड़ रुपए से बढ़कर 16288 करोड़ रुपए रही है। वहीं सालाना आधार पर कंपनी के ऑयल टू केमिकल कारोबार की EBITDA 11968 करोड़ रुपए से बढ़कर 16288 करोड़ रुपए पर रहा है। इस अवधि में कंपनी के ऑयल टू केमिकल कारोबार की EBITDA मार्जिन तिमाही आधार पर 11.5 फीसदी से घटकर 11 फीसदी पर और सालाना आधार पर 7.5 फीसदी से बढ़कर 11 फीसदी पर रही है।
कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कंपनी के मजबूत प्रदर्शन का श्रेय सभी कारोबारी सेक्टरों के मजबूत प्रदर्शन को दिया है। नतीजों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा "सभी कारबारी सेगमेंट्स मजबूत प्रदर्शन और वित्तीय योगदान ने रिलायंस को एक और तिमाही में मजबूत बढ़त दर्ज करने में मदद की है।"
उन्होंने आगे कहा कि ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता के बावजूद ऑयल टू केमिकल सेगमेंट का मजबीत प्रदर्शन आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे बाजार में ईंधन की मांग में मजबूत बढ़त के कारण हुआ है। कमजोर ग्लोबल मांग और आपूर्ति की अधिकता के चलते डाउनस्ट्रीम मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। तेल और गैस कारोबार की ग्रोथ हमारे लिए काफी है। केजीडी 6 ब्लॉक से उत्पादन बढ़ रहा है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)