Sasken Technologies Shares : स्मालकैप आईटी कंपनी सस्केन टेक्नोलॉजिस लि. ने अपने शेयरहोल्डर्स के लिए प्रति शेयर 12 रुपये के अंतरिम डिविडेंड (interim dividend) का ऐलान किया है। कंपनी ने इसके लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है। शुक्रवार, 21 अक्टूबर को बीएसई पर इंट्राडे में कंपनी के शेयर 2 फीसदी मजबूत होकर 796 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। हालांकि, सेशन के अंत में 0.49 फीसदी मजबूत होकर 785.20 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
इस साल यानी वर्ष 2022 में अभी तक शेयर लगभग 42 फीसदी टूट चुका है। शेयर ने 21 अक्टूबर, 2021 को 1,525 रुपये का 52 हफ्ते का हाई छूआ था और 12 मई, 2022 को 52 हफ्ते का लो छूआ था।
जानिए क्या है रिकॉर्ड डेट
Sasken Technologies ने सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के नतीजों के साथ डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी ने एक स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, बोर्ड ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर के लिए 12 रुपये (120 फीसदी) के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके लिए इलिजिबल शेयरहोल्डर्स तय करने के लिए 1 नवंबर, 2022 की रिकॉर्ड डेट तय की गई है। डिविडेंड का पेमेंट 18 नवंबर, 2022 को या उससे पहले कर दिया जाएगा।
किन कंपनियों को देती है सर्विस
Sasken Technologies 1,183 करोड़ रुपये की मार्केट कैप वाली एक स्मालकैप आईटी कंपनी है। कंपनी प्रोडक्ट इंजीनियरिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में एक्सपर्ट है। साथ ही दुनिया भर में सेमीकंडक्टर, ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल्स, स्मार्ट डिवाइसेज एंड वियरेबल्स, एंटरप्राइज ग्रेड डिवाइसेज, सैटकॉम और ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर्स से जुड़ी कंपनियों को सेवाएं दे रही है।
रेवेन्यू में 18.5 फीसदी की बढ़ोतरी
Sasken Technologies का सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान नेट प्रॉफिट 136 फीसदी बढ़कर 35.9 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया, जबकि पिछली तिमाही यानी अप्रैल-जून, 2022 के दौरान यह आंकड़ा 15.20 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू तिमाहीवार 18.5 फीसदी बढ़कर 120 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 23 की दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी का एबिट मार्जिन 23.6 फीसदी रह गया, जो पहली तिमाही के दौरान 25.6 फीसदी था। कंपनी ने सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही के दौरान तिमाही वार 117 फीसदी की ग्रोथ के साथ 44.07 करोड़ रुपये का प्रॉफिट बिफोर टैक्स का ऐलान किया।