एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी (SBI Life Insurance Company) ने 21 अक्टूबर अपने तिमाही नतीजों का ऐलान किया। कंपनी ने कहा कि उसने वित्त वर्ष 23 की 30 सितंबर को समाप्त तिमाही के लिए 376.74 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 53 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि देखने को मिली।
पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी को 246.62 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
कंपनी ने बीएसई फाइलिंग में कहा कि सितंबर तिमाही के दौरान कुल आय 27,525 करोड़ रुपये रही। जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.3 प्रतिशत अधिक है।
एसबीआई लाइफ ने सितंबर तिमाही के लिए शुद्ध प्रीमियम आय 16,477 करोड़ रुपये दर्ज की। जो एक साल पहले की अवधि की तुलना में 12.4 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि के दौरान रिनीवल प्रीमियम आय 17.3 प्रतिशत बढ़कर 9,124 करोड़ रुपये हो गई।
सितंबर वित्त वर्ष 2023 को समाप्त छमाही में जीवन बीमा फर्म ने एक साल पहले की अवधि की तुलना में मुनाफे में 36.1 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज करते हुए 640 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। इसी अवधि में कंपनी शुद्ध प्रीमियम आय लगभग 20 प्रतिशत बढ़कर 27,513 करोड़ रुपये हो गई है।
एसबीआई लाइफ ने कहा "हमारा सालाना आधार पर एनुअल प्रीमियम इक्विवैलेंट (APE) में 22 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 6,830 करोड़ रुपये रहा है। वहीं सालाना आधार पर नया बिजनेस 53 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,120 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं सितंबर FY23 को समाप्त छमाही में नई व्यापार मार्जिन के 6 प्रतिशत प्वाइंट्स से अधिक की वृद्धि के साथ 31 प्रतिशत हो गई है।"
वित्त वर्ष 23 की पहली छमाही में नया बिजनेस प्रीमियम (NBP) सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 13,090 करोड़ रुपये हो गया। इसे सिंगल प्रीमियम बिजनेस में 33 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि से सपोर्ट मिला।
एसबीआई लाइफ ने कहा कि अप्रैल-सितंबर वित्त वर्ष 23 में उसका ग्रॉस रिटेन प्रीमियम 21 प्रतिशत बढ़कर 27,970 करोड़ रुपये हो गया। ये बढ़त सिंगल प्रीमियम में 33 प्रतिशत की वृद्धि और रिनीवल प्रीमियम में 16 प्रतिशत की वृद्धि के कारण देखने को मिली है।
FY23 सितंबर तक इसके पास एसेट अंडर मैनेजमेंट के तहत 2.82 लाख करोड़ रुपये हैं। जबकि FY22 सितंबर में कंपनी के पास रहे 2.44 लाख करोड़ रुपये से 16 प्रतिशत अधिक है।