SBI Life Insurance Q3 Results: एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने शनिवार 21 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 16.46% फीसदी घटकर 304.13 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 364.06 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर तो कंपनी के मुनाफे में 19.27% की गिरावट दर्ज की गई क्योंकि पिछली तिमाही (सितंबर तिमाही) में इसका मुनाफा 376.74 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि दूसरी तरफ कंपनी की नेट प्रीमियम इनकम दिसंबर तिमाही के दौरान बढ़ी है।
SBI लाइफ इंश्योरेंस ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसकी नेट प्रीमियम इनकम 6.35% बढ़कर 19,170.80 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में 18,025.34 करोड़ रुपये रहा था। वहीं तिमाही आधार पर इसमें 16.35% की बढ़ोतरी देखी गई क्योंकि सितंबर तिमाही में यह 16,477.26 करोड़ रुपये रहा था।
मौजूदा वित्त वर्ष के पहले 9 महीनों (अप्रैल- दिसंबर 2022) में कंपनी ने अबतक इंडिविजुअल रेटेट प्रीमियम में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। कंपनी का पहले 9 महीनों में प्रीमियम 111.4 अरब रुपये रहा, जो पूरे प्राइवेट इंश्योरेंस मार्केट का 25.7 फीसदी है।
दिसंबर तिमाही के अंत में SBI लाइफ इंश्योरेंस का टोटल एसेट असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 17% बढ़कर 2,999.9 अरब रुपये रहा, जो पिछले साल इसी समय 2,568.7 अरब रुपये था। कंपनी का 95 फीसदी से अधिक डेट इनवेस्टमेंट AAA और सोवरिन इंस्ट्रूमेंट्स में है।
इस बीच SBI लाइफ इंश्योरेंस के शेयर शुक्रवार 20 जनवरी को एनएसई पर 2 फीसदी गिरकर 1,296.60 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 4.17% फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव 5.84% फीसदी बढ़ा है।