State Bank of India Q3: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने 31 दिसंबर 2022 को खत्म हुई वित्तवर्ष 2023 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 68.5 फीसदी बढ़ा है और यह 14205 करोड़ रुपए पर रहा है। हालांकि इसके 13,587.9 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था। वही, पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में बैंक का मुनाफा 8,431.9 करोड़ रुपए पर रहा था।
31 दिसंबर 2022 को खत्म हुई तीसरी तिमाही में State Bank of India की ब्याज आय 38,068.8 करोड़ रुपए पर रही है। हालांकि इसके 37,059 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था। तीसरी तिमाही में बैंक की ब्याज आय में सालाना आधार पर 24.1 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में बैंक की ब्याज आय 30,687.4 करोड़ रुपए रही थी।
तिमाही दर तिमाही आधार पर बैंक का ग्रॉस NPA 3.52 फीसदी से घटकर 3.14 फीसदी पर और नेट NPA 0.80 फीसदी से घटकर 0.77 फीसदी पर रहा है। रुपए में देखें तो 31 दिसंबर 2022 को खत्म हुई वित्तवर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में State Bank of India ग्रॉस NPA 1.06 लाख करोड़ से घटकर 98,346 करोड़ रुपए पर रहे हैं। वहीं, नेट NPA 23,572 करोड़ रुपए से घटकर 23,484 करोड़ रुपए पर रहा है।
तिमाही दर तिमाही आधार पर तीसरी तिमाही में State Bank of India की प्रोविजनिंग 3,039 करोड़ रुपए से बढ़कर 5,761 करोड़ रुपए पर आ गई है। जबकि सालाना आधार पर बैंक की प्रोविजनिंग 6,974 करोड़ रुपये पर रही थी।
तिमाही दर तिमाही आधार पर बैंक की NIM 3.32 फीसदी से बढ़कर 3.50 फीसदी पर रहा है। जबकि लोन ग्रोथ सालाना आधार पर 17.6 फीसदी पर रहा है । वहीं तिमाही आधार पर इसमें 3.2 फीसदी पर रहा है। वहीं बैंक का नए एनपीए (Slippages) तिमाही दर तिमाही आधार पर 2,441 करोड़ रुपए से बढ़कर 3,209 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।