Tata Communications Q2 Result: टाटा कम्युनिकेशंस (Tata Communications) ने आज मंगलवार 18 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के लिए अपने नतीजे जारी कर दिये। नतीजे जारी करते हुए कंपनी ने कहा कि सितंबर को समाप्त तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 532 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के मुनाफे में पिछले साल की तुलना में 25.1 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 425 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
ऑपरेशंस से इसका रेवन्यू 4,431 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का रेवन्यू पिछले साल की समान तिमाही में 4,174 करोड़ रुपये की तुलना में 6.2 प्रतिशत अधिक है। वहीं तिमाही आधार पर डेटा व्यवसाय में तेजी आने की वजह से कंपनी के रेवन्यू में वृद्धि नजर आई।
कंपनी का डेटा बिजनेस रेवेन्यू 3,493 करोड़ रुपये रहा। इसमें तिमाही (QoQ) आधार पर 4.6 प्रतिशत की वृद्धि और सालाना आधार पर 11.2 प्रतिशत की वृद्धि नजर आई। डेटा पोर्टफोलियो में सभी ऑफरिंग्स में मजबूत मोमेंटम रहा था। ये जानकारी कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में दी।
कंपनी का कंसोलिडेटेड EBITDA 1,130 करोड़ रुपये रहा। इसमें साल दर साल (YoY) 1.5 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। इसकी मार्जिन 25.5 प्रतिशत रही। इसमें तिमाही आधार पर 50 बेसिस प्वाइंट्स की बढ़त नजर आई है।
कंपनी ने कहा कि इस तिमाही के लिए कमिटेड कैपिटल एक्सपेंडिचर (कैपेक्स) 5.27 करोड़ डॉलर रहा जबकि Q2FY22 में ये 5.29 करोड़ डॉलर रहा था।
टाटा कम्युनिकेशंस के एमडी और सीईओ एएस लक्ष्मीनारायणन (AS Lakshminarayanan, MD and CEO, Tata Communications) ने कहा, "हमें इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मजबूत डेटा रेवन्यू ग्रोथ और अच्छे मुनाफे की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।"
"अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हमारे कारोबार में अच्छी वृद्धि देखी जा रही है। प्रोडक्ट्स से प्लेटफॉर्म पर शिफ्टिंग के हमारे निरंतर प्रयास के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं।"
टाटा कम्युनिकेशंस के मुख्य वित्तीय अधिकारी कबीर अहमद शाकिर (Kabir Ahmed Shakir, Chief Financial Officer, Tata Communications) ने कहा, "दूसरी तिमाही में हमारा प्रदर्शन हमारे ब्रॉड बेस्ड ग्रोथ, मुनाफे और फ्री कैश फ्लो पर निरंतर मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है।"
"हम अपने ग्राहकों के लिए एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहे हैं। इससे उन्हें डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में मदद मिल रही है।"
आज बाजार बंद होने के समय एनएसई पर ये शेयर 3.54 प्रतिशत या 42.35 रुपये चढ़कर 1238.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1591.95 रुपये और 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 856.25 रुपये रहा है।