Tata Motors Q1 Result: जून तिमाही में टाटा मोटर्स का नेट प्रॉफिट 3,203 करोड़ रुपए रहा है। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 5,006.60 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी के मुनाफे की मुख्य वजह पैसेंजर व्हीकल बिजनेस के मार्जिन में बढ़ोतरी और इसकी लग्जरी कार यूनिट जगुआर लैंड रोवर ( (JLR) की जबरदस्त बिक्री है।
इस दौरान टाटा मोटर्स का रेवेन्यू साल-दर-साल आधार पर 42 फीसदी बढ़ गया है। जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1.02 लाख करोड़ रुपये रहा। पिछले साल जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 71,934.66 करोड़ रुपये था। टाटा मोटर्स के नतीजे 25 जुलाई को शेयर मार्केट बंद होने के बाद आए हैं।
नतीजों के ऐलान से पहले टाटा मोटर्स ने बताया था कि संबंधित अवधि में उसके ग्लोबल होलसेल आंकड़ों (जगुआर और लैंड रोवर समेत) में सालाना आधार पर 5 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई और बिक्री का आंकड़ा 3,22,159 यूनिट रहा। इस दौरान पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 8 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 140,450 यूनिट रही।
जून 2023 तिमाही में कंपनी के जगुआर और लैंड रोवर की बिक्री क्रमशः 10,324 और 82,929 यूनिट रही। दोनों को मिला दिया जाए, तो कंपनी की लग्जरी इकाई ने 93,253 गाड़ियां बेचीं, जो एक साल पहले की इसी तिमाही के मुकाबले 30 पर्सेंट ज्यादा है। संबंधित तिमाही में कंपनी का EBITDA 177 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 14,700 करोड़ रुपये रहा।
टाटा मोटर्स के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) पी बी बालाजी ने बताया, 'कंपनी के लिए फाइनेंशियल ईयर 2024 की शुरुआत बेहतर परफॉर्मेंस के साथ हुई है और सभी ऑटोमोटिव सेगमेंट का दमदार प्रदर्शन रहा है। हर बिजनेस के लिए तैयार की गई अलग-अलग रणनीति का असर दिखना अब शुरू हो गया है। हम उम्मीद करते हैं कि अगली तिमाहियों में भी कंपनी का यह शानदार प्रदर्शन जारी रहेगा और हम अपने लक्ष्य को हासिल करने में सफल होंगे।'
संबंधित अवधि में JLR का रेवेन्यू 57 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 6.9 अरब पौंड रहा, जबकि कंपनी का EBIT (अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट एंड टैक्स) मार्जिन 8.6 पर्सेंट था। टाटा मोटर्स ने यह भी बताया कि जून तिमाही में कंपनी के कैश प्रॉफिट में भी बढ़ोतरी हुई और उसका फ्री कैश फ्लो (ऑटोमोटिव) 2500 करोड़ रुपये रहा। इस वजह से कंपनी का नेट ऑटोमोटिव कर्ज घटकर 41700 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी का मुनाफा अनुमानों से बेहतर रहा है। पांच ब्रोकरेज फर्मों ने संबंधित अवधि में कंपनी का मुनाफा 2,546 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। BSE में 25 जुलाई को कंपनी का शेयर 1.62 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 639.45 रुपये पर बंद हुआ।