TCS Q4 Results: टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी TCS (Tata Consultancy Services) ने जनवरी-मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 9.1 प्रतिशत बढ़कर 12,434 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 11,392 करोड़ रुपये था। चौथी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,237 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले जनवरी-मार्च 2023 तिमाही में यह 59,162 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024 के लिए शेयरधारकों को 28 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड पर मुहर लगाई है। नतीजे जारी होने से पहले Tata Consultancy Services के शेयर हरे निशान में बंद हुए। कारोबार के अंत में TCS के शेयर 0.48 फीसदी तेजी के साथ 4003.80 रुपए पर बंद हुए हैं।
तिमाही आधार पर मुनाफा 12% उछला
तिमाही आधार पर जनवरी-मार्च 2024 में कंपनी का मुनाफा 12 प्रतिशत उछला है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में यह 11,058 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर TCS के रेवेन्यू में मामूली 1 प्रतिशत की बढ़त है। चौथी तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन सालाना आधार पर 150 बेसिस पॉइंट्स की बढ़त के साथ 26 प्रतिशत रहा। वहीं नेट मार्जिन सालाना आधार पर 100 बेसिस पॉइंट्स की तेजी के साथ 20.3 प्रतिशत दर्ज किया गया।
TCS की FY24 ऑर्डर बुक (कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू) 42.7 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई। मार्च तिमाही में इसका आंकड़ा 13.2 अरब डॉलर के रिकॉर्ड हाई पर रहा। कंपनी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मार्च तिमाही में फाइनेंशियल सेगमेंट से रेवेन्यू सालाना आधार पर 0.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 227.6 अरब रुपये रहा। इसी तरह मैन्युफैक्चरिंग सेगमेंट से रेवेन्यू सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 61.4 अरब रुपये और रिटेल, कंज्यूमर सेगमेंट से रेवेन्यू 1.2 प्रतिशत बढ़कर 98.9 अरब रुपये रहा।
पूरे FY24 में कितना रहा मुनाफा
पूरे वित्त वर्ष 2024 की बात करें तो रेवेन्यू बढ़कर 2,40,893 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2023 में यह 2,25,458 करोड़ रुपये रहा था। इसी तरह शुद्ध मुनाफा भी गुजरे वित्त वर्ष में 9 प्रतिशत बढ़कर 45,908 करोड़ रुपये रहा।