आईटी सेवा कंपनी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) का रेवन्यू तिमाही आधार पर 4 प्रतिशत गिरकर 1600.7 मिलियन डॉलर (13,159 करोड़ रुपये) हो गया। ये आंकड़ा विश्लेषकों के अनुमान से कम है। यह तिमाही सभी बड़ी आईटी कंपनियों के बीच निराशाजनक रही है। हालांकि कॉन्स्टैंट करेंसी के संदर्भ में टेक महिंद्रा का रेवन्यू 4.2 प्रतिशत गिर गया है। जिससे रेवन्यू में उसके प्रतिस्पर्धियों के बीच की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इस तिमाही में विप्रो (Wipro) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के रेवन्यू में भी गिरावट देखी गई। इसका प्रमाण मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीपी गुरनानी के इस बयान से मिलता है कि यह पिछले पांच वर्षों में उनके द्वारा देखी गई सबसे कठिन तिमाहियों में से एक है।
सालाना 38 प्रतिशत गिरा मुनाफा
Tech Mahindra ने शुद्ध मुनाफे में साल-दर-साल 38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की। जो 30 जून को समाप्त पहली तिमाही में 692.5 करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही में यह 1,147.5 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर पिछले वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में दर्ज किए गये 1,125 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे की तुलना में इसमें 38 प्रतिशत की गिरावट रही।
कंपनी के मार्जिन में भारी गिरावट आई और अनुमान से कहीं अधिक गिरावट आई। EBIT मार्जिन 6.8 प्रतिशत पर आ गया, जो पिछली तिमाही के 11.2 प्रतिशत से 440 bps गिरा है। इसकी वजह ये आंकड़ा प्रतिस्पर्धियों के बीच सबसे कमजोर हो गया है। अपने मार्जिन को बचाने के लिए टेक महिंद्रा को लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है क्योंकि यह अपने प्रतिस्पर्धियों के बीच सबसे कम बना हुआ है।
कंपनी का कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू (TCV) या की गई डील्स 3590 करोड़ डॉलर रही जो पिछली तिमाही में 5920 डॉलर से 39.36 प्रतिशत कम है। जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में 8020 करोड़ डॉलर से 55.24 प्रतिशत कम है।
Tech Mahindra को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी के कर्मचारियों की संख्या तिमाही आधार पर 4,103 तक कम हो गई है। टेक महिंद्रा के लिए यह लगातार तीसरी गिरावट है। इस दौरान उसके कर्मचारियों की संख्या में शुद्ध रूप से 15,000 से अधिक की कमी देखी गई है। ऐसा तब हुआ है जब कंपनी का एट्रिशन 13 प्रतिशत तक गिर गया है।
Tech Mahindra के सीईओ और एमडी सीपी गुरनानी (CEO and MD CP Gurnani) ने एक बयान में कहा कि इस तिमाही में कंपनी के आंकड़े "वैश्विक अर्थव्यवस्था और आईटी क्षेत्र में अनिश्चितता को दर्शाते हैं।"
उन्होंने कहा, "हमें विश्वास है कि इस अस्थायी झटके से उबरने और अपने ग्राहकों और शेयरधारकों को दीर्घकालिक मूल्य प्रदान करने के लिए हमारे पास सही रणनीति और सही टीम है।"
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)