TVS Motor Q2 Results: मुनाफा 47% बढ़कर 407.47 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू भी 28% उछला

TVS Motor का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में 28% बढ़कर 7,219 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,619 करोड़ रुपये रहा था

अपडेटेड Nov 04, 2022 पर 7:03 PM
TVS Motor के शेयर आज NSE पर 1.56% गिरकर 1,116.90 रुपये पर बंद हुए

TVS Motor Company Q2 Results: दिग्गज दोपहिया कंपनी टीवीएस मोटर ने शुक्रवार 4 नंवबर को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2022) के नतीजे जारी किए। TVS Motor ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 46.78 फीसदी बढ़कर 407.47 करोड़ रुपये पर रहा। जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 277.60 करोड़ रुपये रहा था। चेन्नई मुख्यालाय वाली इस ऑटोमोबाइल कंपनी का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में 28 फीसदी बढ़कर 7,219 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,619 करोड़ रुपये रहा था।

TVS मोटर का EBITDA 31% बढ़ा

TVS Motor का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) सितंबर तिमाही में 31 फीसदी बढ़कर 737 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 563 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन सितंबर तिमाही में 10.2 फीसदी रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 10 फीसदी था।

प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 46% बढ़ा


TVS मोटर ने बताया कि सिंतबर तिमाही में उसका प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 46 फीसदी बढ़कर 549 करोड़ रुपये, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 377 करोड़ रुपये था।

यह भी पढ़ें- ब्रिटेन के केंद्रीय बैंक Bank of England ने कहा, मंदी में जा सकती है इकोनॉमी

कंपनी ने दावा किया कि ग्लोबल लेवल पर आर्थिक मंदी और कई देशों में महंगाई के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से अंतरराष्ट्रीय मार्केट में पैदा हुई चुनौतियों के बावजूद उसने सितंबर तिमाही में दमदार नतीजे पेश किए हैं।

सितंबर तिमाही में TVS ने लॉन्च किए 2 नए मॉडल

TVS मोटर ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "गाड़ियों की बेहतर उपलब्धता और TVS Ronin और नए TVS iQube Electric की लॉन्चिंग के साथ सभी प्रमुख ब्रांडों में अधिक निवेश से कंपनी को लाभ मिला है। इलेक्ट्रिक व्हीकल में उपस्थिति बढ़ाने की रणीनीति के तहत, सॉफ्टवेयर से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजिटल एनालिटिक्स सहित कई एरिया में स्पेशलाइज्ड संसाधनों को जोड़ा गया है।"

इस साल 77% चढ़े TVS मोटर के शेयर

इस बीच टीवीएस मोटर के शेयर आज एनएसई पर 1.56% गिरकर 1,116.90 रुपये के स्तर पर बंद हुए। साल 2022 में TVS मोटर के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली है और इस साल यह अब तक यह 77 फीसदी चढ़ चुका है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों में करीब 57 फीसदी की तेजी आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।