TVS Motor Q4 Result: मुनाफा 5% घटकर ₹275 करोड़ पर आया, रेवेन्यू 4% बढ़कर ₹5,530 करोड़ पहुंचा

TVS Motor ने वित्त वर्ष 2022 में 894 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जो किसी भी वित्त वर्ष में हुआ इसका अब तक का रिकॉर्ड मुनाफा है

अपडेटेड May 05, 2022 पर 6:37 PM
TVS मोटर्स ने वित्त वर्ष 2022 के लिए प्रति शेयर 3.75 रुपये का अंतरिम डिविडेंट देने का ऐलान किया है

TVS Motor Q4 Result: टीवीएस मोटर कंपनी लिमिटेड ने गुरुवार 5 मई को वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका मुनाफा सालाना आधार पर 5 फीसदी घटकर 275 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 289 करोड़ रुपये था। वहीं पिछली तिमाही यानी दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 288 करोड़ रुपये रहा था।

चेन्नई मुख्यालय वाली ऑटोमोबाइल कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 5,530 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,322 करोड़ रुपये था। हालांकि दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 5,706 करोड़ रुपये रहा था। ऐसे में तिमाही आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का मुनाफा 46 फीसदी बढ़कर 894 करोड़ रुपये रहा है, जो वित्त वर्ष 2021 में 612 करोड़ रुपये था। किसी भी वित्त वर्ष में कंपनी को हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा और टर्नओवर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2022 के दौरान 10ल लाख से अधिक गाड़ियों को एक्सपोर्ट किया, जिससे उसे मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली है।


यह भी पढ़ें- Multibagger stock:1 साल में 450% ऱिटर्न देने के बाद बोनस शेयर का किया ऐलान

TVS मोटर का ऑपरेटिंग EBITDA (अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट, टैक्स, डेप्रिशिएशन और एमॉर्टाइजेशन) मार्च तिमाही 4 फीसदी बढ़कर 557 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 536 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का EBITDA मार्जिन मार्च तिमाही में 10.1 फीसदी रहा, जबकि पूरे वित्त वर्ष में यह 9.4 फीसदी रहा।

वित्त वर्ष 2022 के दौरान कंपनी के दो-पहिया और तीन-पहिया वाहनों की कुल बिक्री 8 फीसदी बढ़कर 33.10 लाख यूनिट रही, जो वित्त वर्ष 2022 में 30.52 लाख यूनिट था। बिक्री में एक्सपोर्ट के आंकड़े भी शामिल हैं। टीवीएस मोटर्स ने वित्त वर्ष 2022 में कुल 17.32 लाख मोटरसाइक की बिक्री की, जो वित्त वर्ष 2021 में हुए 13.41 लाख मोटरसाइकल की बिक्री से 29 फीसदी अधिक है।

हालांकि कंपनी के स्कूटर्स की बिक्री वित्त वर्ष 2022 में घटकर 9.23 लाख यूनिट पर आ गई, जो वित्त वर्ष 2021 में 9.61 लाख यूनिट था। वहीं तीन-पहिया वाहनों की बिक्री वित्त वर्ष 2022 में 39 फीसदी बढ़कर 1.72 लाख यूनिट रही, जो वित्त वर्ष 2021 के दौरान 1.24 लाख यूनिट था।

प्रति शेयर 3.75 रुपये के डिविडेंड का ऐलान

TVS मोटर ने वित्त वर्ष 2022 के लिए प्रति शेयर 3.75 रुपये का अंतरिम डिविडेंट देने का ऐलान किया है। TVS मोटर के शेयर गुरुवार को एनएसई पर 0.41% की बढ़त के साथ 630.10 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में टीवीएस मोटर्स के शेयरों की कीमत 2.75 फीसदी गिरा है। वहीं पिछले एक साल में इनमें महज 0.68 फीसदी की तेजी आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।