Vardhman Textile Q2 Results: टेक्सटाइल सेक्टर की कंपनी वर्धमान टेक्सटाइल ने गुरुवार 23 अक्टूबर को मौजूदा वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5 फीसदी घटकर 187 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 197 करोड़ रुपये रहा था।
वहीं कंपनी का रेवेन्यू सितंबर तिमाही के दौरान 1 फीसदी घटकर 2,480 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल इसी तिमाही में 2,505.5 करोड़ रुपये रहा था।
हालांकि ऑपरेटिंग मोर्चे पर कंपनी का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा। वर्धमान टेक्सटाइल ने बताया कि सितंबर तिमाही के दौरान उसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 6% बढ़कर 334 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका ऑपरेटिंग मार्जिन इस दौरान सालाना आधार पर 90 फीसदी बढ़कर 13.5 फीसदी पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 12.6 फीसदी रहा था।
वर्धमान टेक्सटाइल के ये तिमाही नतीजे ऐसे समय में आए हैं, जब भारतीय टेक्सटाइनल कंपनियों को अमेरिका में एक्सपोर्ट पर भारी टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि ट्रंप टैरिफ के बावजूद सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी अपना मार्जिन बढ़ाने में सफल रही है।
वर्धमान टेक्सटाइल का अमेरिकी बाजार में सीधा एक्सपोजर कम है, लेकिन यह अप्रत्यक्ष तरीके से कई अमेरिकी ब्रांड्स को सेवाएं मुहैया कराती है। पूरे टेक्सटाइल सेक्टर की ग्रोथ सिंतबर तिमाही के दौरान सुस्त रही है।
वर्धमान टेक्सटाइल के शेयरों में तिमाही नतीजों के बाद तेज उछाल देखने को मिली। दोपहर 1.30 बजे के करीब कंपनी के शेयर करीब 8.5 फीसदी तक उछलकर 443,05 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस तेजी के पीछे एक वजह भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड समझौते को लेकर बढ़ी उम्मीदें हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों देश टैरिफ को घटकर 15 से 18 फीसदी के बीच करने को लेकर बातचीत कर रहे हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।