Vedanta Q4 Results: अनिल अग्रवाल की माइनिंग कंपनी वेदांता ने मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2024 के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। मार्च 2024 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 6 प्रतिशत कम रहकर 34,937 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले मार्च 2023 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 37,225 करोड़ रुपये रहा था। मार्च 2024 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 27 प्रतिशत गिरकर 2,273 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले 3,132 करोड़ रुपये था।
Vedanta Limited की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मार्च 2024 तिमाही में कंसोलिडेटेड EBITDA 8,969 करोड़ रुपये रहा। यह तिमाही आधार पर 3 प्रतिशत ज्यादा है और सालाना आधार पर 4 प्रतिशत कम है। EBITDA मार्जिन बढ़कर 30 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले 29 प्रतिशत था। कंपनी का शुद्ध मुनाफा (Before Exceptional Items) 2,453 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सालाना आधार पर 37 प्रतिशत कम है। मार्च 2023 तिमाही में यह मुनाफा 3,885 करोड़ रुपये था।
पूरे FY24 में कितना मुनाफा
पूरे वित्त वर्ष 2024 में वेदांता का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 2 प्रतिशत गिरकर 1,41,793 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 1,45,404 करोड़ रुपये था। कंपनी का गुजरे वित्त वर्ष में कमाया गया रेवेन्यू, अब तक का दूसरा सबसे ज्यादा सालाना कंसोलिडेटेड रेवेन्यू है। वित्त वर्ष के दौरान वेदांता का शुद्ध मुनाफा 48 प्रतिशत कम होकर 7,537 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 14,506 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का EBITDA 3 प्रतिशत गिरकर 36,455 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 35,241 करोड़ रुपये था। यह EBITDA, वेदांता का अब तक का दूसरा सबसे ज्यादा सालाना EBITDA है। वित्त वर्ष के दौरान EBITDA मार्जिन 30 प्रतिशत दर्ज किया गया।
25 अप्रैल को वेदांता के शेयर में गिरावट रही। बीएसई पर शेयर 0.64 प्रतिशत की कमी के साथ 380.80 रुपये पर सेटल हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 1.41 लाख करोड़ रुपये है। मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2024 में रेवेन्यू और प्रॉफिट में आई गिरावट के चलते शुक्रवार, 26 अप्रैल के कारोबार में वेदांता शेयर में गिरावट देखने को मिल सकती है।