Vedanta Q1 Results: फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की पहली तिमाही में मेटल और माइनिंग सेक्टर की कंपनी वेदांता लिमिटेड (Vedanta Ltd) के नेट प्रॉफिट में 40 पर्सेंट की गिरावट हुई है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 2,640 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 4,421 करोड़ रुपये था। वेदांता लिमिटेड के प्रमोटर जाने-माने उद्यमी अनिल अग्रवाल हैं।
हालांकि, कंपनी के मुनाफे में गिरावट एक्सपर्ट्स के अनुमानों से कम है। फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,410 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया गया था। कंपनी के मुनाफे में गिरावट की मुख्य वजह अलग-अलग सेगमेंट की कमोडिटी की कीमतों में गिरावट है। खास तौर पर जिंक और एल्युमीनियम की कीमत में तेज गिरावट देखने को मिली है।
संबंधित अवधि में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 13 पर्सेंट की गिरावट के साथ 33,342 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 38,251 करोड़ रुपये था। हालांकि, एक्सपर्ट्स ने जून तिमाही में रेवेन्यू और कम रहने का अनुमान जताया था। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कंपनी का रेवेन्यू 32,800 करोड़ रुपये रहने का अनुमान था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE ) में 21 जुलाई को वेदांता का शेयर 1.36 पर्सेंट की गिरावट के साथ 278.30 रुपये पर बंद हुआ।
इससे पहले मार्च तिमाही में वेदांता लिमिटेड के नेट प्रॉफिट में 56.3 पर्सेंट की गिरावट हुई थी। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 2,634 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 5 पर्सेंट की गिरावट के साथ 37,225 करोड़ रुपये रहा था।