Vedanta Q2 Result: कंसोलिडेटेड मुनाफे में सालाना 53% की गिरावट, आय में दिखा 20% का इजाफा

Vedanta का मुनाफा सितंबर तिमाही में 53 प्रतिशत गिरकर 2690 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 23 की सितंबर तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 20 प्रतिशत बढ़कर 36,237 करोड़ रुपये हो गई

अपडेटेड Oct 28, 2022 पर 5:13 PM
Vedanta का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 285 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल की तुलना में इस स्टॉक में 6 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली जबकि महीने भर में इस स्टॉक ने लगभग 10 प्रतिशत का रिटर्न दिया है
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    Vedanta Q2 Result: मेटल से लेकर तेल सेक्टर में कारोबार करने वाली कंपनी वेदांता लिमिटेड (Vedanta Limited) ने आज यानी कि शुक्रवार 28 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिये हैं। कंपनी के नतीजे कमजोर देखने को मिले हैं। सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2023 की सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 53 प्रतिशत गिरकर 2690 करोड़ रुपये रहा। हालांकि कंपनी की आय में सालाना आधार पर बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। अनिल अग्रवाल के स्वामित्व वाली Vedanta कंपनी की ऑपरेशंस से आय में इजाफा नजर आया। सालाना आधार पर कंपनी की वित्त वर्ष 23 की सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड आय 20 प्रतिशत बढ़कर 36,237 करोड़ रुपये हो गई। जबकि पिछले साल की समान तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी की कंसोलिडेटेड आय 30,048 करोड़ रुपये रही थी।

    विंडफॉल टैक्स और कमोडिटी की कमजोर कीमतों से Vedanta के मुनाफे पर हुआ असर

    सितंबर तिमाही में Vedanta का प्रदर्शन कमोडिटी की कमजोर कीमतों से प्रभावित हुआ। कीमतों में तेज गिरावट के कारण Vedanta के एल्यूमीनियम कारोबार में गिरावट रही। जबकि विंडफॉल टैक्स और कच्चे तेल की कम कीमतों के कारण इसके तेल और गैस डिवीजन में भी कारोबार प्रभावित हुआ।


    Q2FY23 में Vedanta का EBITDA से सालाना आधार पर 24 प्रतिशत घटकर 8,038 करोड़ रुपये हो गया। जबकि Q2FY22 में कंपनी का EBITDA 10,582 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी की EBITDA मार्जिन 40 प्रतिशत से 1500 बेसिस प्वाइंट्स कम होकर 25 प्रतिशत हो गई।

    Supreme Petrochem का शेयर फिसला, मुनाफे में करीब 70% की गिरावट आने से लुढ़का स्टॉक

    Vedanta के सीईओ ने कहा कंपनी का एसेट पोर्टफोलियो और बैलेंस शीट मजबूत

    वेदांता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील दुग्गल (Sunil Duggal, Chief Executive Officer, Vedanta) ने कहा “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने मजबूत ऑपरेशंस और वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर 8,369 करोड़ रुपये का मजबूत मुफ्त कैश फ्लो (प्री कैपेक्स) प्राप्त किया है। हमारे पास एक समृद्ध विविध एसेट पोर्टफोलियो, मजबूत बैलेंस शीट है। लागत अनुकूल होने से हम चुनौतीपूर्ण व्यापक आर्थिक माहौल का सामना करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।

    कंपनी ने कहा कि सालाना आधार पर इसका डेप्रिसिएशन और उधार चुकाने का प्रतिशत 24 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 6 प्रतिशत बढ़कर 2,624 करोड़ रुपये हो गया।

    वहीं 30 सितंबर 2022 तक कंपनी का कुल कर्ज तिमाही आधार पर 2,543 करोड़ रुपये घटकर 58,597 करोड़ रुपये हो गया।

    नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर Vedanta का शेयर 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 285 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल की तुलना में इस स्टॉक में 6 प्रतिशत की गिरावट आई है। लेकिन महीने भर में इस स्टॉक ने लगभग 10 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

     

     

     

     

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।