Wipro Q1 Results: भारत की चार सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में से एक Wipro Limited (Wipro) ने आज 30 जून 2022 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जिसके मुताबिक पहली तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 20.93 फीसदी घटकर 2,563.6 करोड़ रुपये पर रहा है जो कि वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में 3,242.6 करोड़ रुपये पर रहा था।
वहीं तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी के मुनाफे में 16.96 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
पहली तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड आय सालाना आधार पर 15.51 फीसदी बढ़कर 22,001 करोड़ रुपये पर रहा है जो कि वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में 19,045 करोड़ रुपये पर रहा था। कंपनी के आय में तिमाही आधार पर 2.98 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
30 जून 2022 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की डॉलर आय 2.7 अरब डॉलर रही है। इस अवधि में कंपनी के आईटी सर्विसेस से होने वाली आय 273.55 करोड़ डॉलर रही है। इसमें सालाना आधार पर 13.3 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इस अवधि में कंपनी की आईटी सर्विस की ऑपरेटिंग मार्जिन 15 फीसदी रही है। इसमें तिमाही दर तिमाही आधार पर 2 फीसदी की गिरावट रही है।
अगली तिमाही के लिए कंपनी ने अपना गाइडेंस देते हुए कहा है कि सितंबर तिमाही में कंपनी की आईटी सर्विसेस की आय 281.7 करोड़ डॉलर से 287.2 करोड़ डॉलर रह सकती है। कंपनी की आईटी सर्विसेस की आय में सितंबर तिमाही में तिमाही आधार पर 3-5 फीसदी की ग्रोथ मुमकिन है।
पहली तिमाही में कंपनी की एबिट तिमाही दर तिमाही आधार पर 3,505 करोड़ रुपये से घटकर 3,183.2 करोड़ रुपये पर रही है। वहीं तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी की एबिट मार्जिन 17 फीसदी पर से घटकर 15 फीसदी पर रही है।
तिमाही आधार पर कंपनी की डॉलर रेवेन्यू 0.51 फीसदी की बढ़त के साथ 2,721.7 करोड़ डॉलर से बढ़कर 2,735.5 करोड़ डॉलर पर आ गई है।
विप्रो के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर थिएरी डेलापोर्टे (Thierry Delaporte) ने कहा है कि हमने विप्रो के ग्रोथ इंजन में बड़ा निवेश किया है और इसके नतीजों से हम काफी खुश हैं। कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू के आधार पर देखें तो जून तिमाही में कंपनी की ऑर्डर बुक में सालाना आधार पर 32 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
कंपनी को पहली तिमाही में काफी बड़े-बड़े ट्रांसफॉर्मेशनल डील मिले है और कंपनी की डील पाइपलाइन अपने ऑल टाइम हाई पर है।
विप्रो ने बताया है कि पहली तिमाही में कंपनी की एट्रिशन रेट 23.3 फीसदी पर रहा है जो कि इसके पिछली तिमाही में 23.8 फीसदी पर रहा था। जबकि वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में कंपनी का एट्रिशन रेट 15.5 फीसदी से ज्यादा रहा था। इस तरह तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी के एट्रिशन रेट में हल्की गिरावट आई है। लेकिन सालाना आधार पर इसमें भारी बढ़त देखने को मिली है । पहली तिमाही के दौरान कंपनी ने 15,446 नई भर्तियां की है जिसमें 10,000 फ्रेशर शामिल हैं।