YES Bank Q1 Results: प्राइवेट सेक्टर के बैंक यस बैंक (YES Bank) ने शनिवार को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। बैंक ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका मुनाफा (प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स) सालाना आधार पर 50.17 फीसदी बढ़कर 310.63 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 206.84 करोड़ रुपये था।
बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) जून तिमाही में सालाना आधार पर 32 फीसदी बढ़कर 1,850 करोड़ रुपये रहा। वहीं बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) जून तिमाही में 2.4 फीसदी पर रहा, जो सालाना आधार पर 0.30 फीसदी अधिक है।
बैंक ने बताया कि जून तिमाही इंटरेस्ट के अलावा दूसरे स्रोतों से कमाई (Non-Interest Income) 781 करोड़ रुपये रही। निवेश पर मिले वास्तविक और अवास्तिवक लाभ को समायोजित करने के बाद, नॉन- इंटरेस्ट इनकम में सालाना आधार पर 35 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
YES Bank ने जून तिमाही में प्रोविजंस के तौर पर 175 करोड़ रुपये अलग रखे, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही से 62 फीसदी कम और पिछली तिमाही के मुकाबले 32 फीसदी कम है। बैंक का स्लिपेज भी जून तिमाही में कम होकर 1,072 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,233 करोड़ रुपये था।
YES Bank की एसेट क्वालिटी में सुधार होता दिखा रहा है। एडवांसेज के मुकालबले इसका ग्रॉस नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स (ग्रॉस-NPA) जून तिमाही में घटकर 13.4 फीसदी रहा, जो इसकी पिछली तिमाही में 13.9 फीसदी और पिछले साल की इसी तिमाही में 15.6 फीसदी था।
इस बीच Yes Bank के शेयरों में इस हफ्ते 10.11 फीसदी की तेजी आई। सिर्फ शुक्रवार को इसमें 2.80 फीसदी उछाल आया। इसकी वजह यह खबर रही कि दो प्राइवेट इक्विटी फर्म यस बैंक में निवेश करने वाले हैं और निवेशकों को यस बैंक का बिजनेस पटरी पर लौटता दिख रहा है।