Yes Bank December Quarter Results: प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 55.4 प्रतिशत बढ़ गया। आंकड़ा 951.62 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले मुनाफा 612.27 करोड़ रुपये था। कुल स्टैंडअलोन इनकम 1.7 प्रतिशत की कमी के साथ 9175.84 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 9341.15 करोड़ रुपये थी।
बैंक ने शेयर बाजारों को बताया है कि दिसंबर 2025 तिमाही में बैंक की कुल ब्याज आय 7543.22 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले के आंकड़े 7829.14 करोड़ रुपये से 3.6 प्रतिशत कम है। शुद्ध ब्याज आय 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2466 करोड़ रुपये हो गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 2224 करोड़ रुपये थी। यस बैंक में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
दिसंबर 2025 तिमाही में यस बैंक की एसेट क्वालिटी और बेहतर हो गई। बैंक का ग्रॉस NPA रेशियो घटकर 1.5 प्रतिशत पर आ गया। एक साल पहले यह 1.6 प्रतिशत था। इसी तरह नेट NPA रेशियो भी कम होकर 0.3 प्रतिशत रह गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 0.5 प्रतिशत था। वित्त वर्ष 2025 के दौरान बैंक को स्टैंडअलोन बेसिस पर 30894.91 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस बीच शुद्ध मुनाफा 2405.86 करोड़ रुपये रहा।
Yes Bank शेयर 6 महीनों में 16 प्रतिशत चढ़ा
यस बैंक के शेयर की कीमत इस वक्त 23.46 रुपये है। फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 16 प्रतिशत और एक महीने में 9 प्रतिशत मजबूत हुआ है। एक साल में कीमत 28 प्रतिशत चढ़ी है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 24.30 रुपये और एडजस्टेड लो 16.02 रुपये है। सोमवार, 19 जनवरी को यस बैंक के शेयर में तेजी देखने को मिल सकती है। ICICI Securities ने शेयर के लिए 'होल्ड' रेटिंग दी हुई है। JM Financial ने 'सेल' रेटिंग के साथ 19 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस सेट किया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।