जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEE) लिमिटेड का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में 106.60 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 49 फीसदी कम है। कंपनी के मुनाफे में गिरावट के पीछे उसका ऑपरेटिंग मोर्चे पर उसका कमजोर प्रदर्शन और रेवेन्यू में सीमित ग्रोथ रही। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 208.8 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 41.4 फीसदी की गिरावट आई।
ZEE ने बताया वित्त वर्ष 2022-23 की जून तिमाही में उसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 1,845.74 करोड़ रुपये रहा। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 20.5 फीसदी की गिरावट आई। ZEE ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि उसका एडवर्टाइजिंग बिजनेस जून तिमाही में 5.4 फीसदी बढ़कर 976.3 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इसी दौरान उसका सब्सक्रिप्शन बिजनेस 5 फीसदी घटकर 771.7 करोड़ रुपये पर आ गया।
ZEE ने बताया जून तिमाही में उसके चैनल 'जी अनमोल (ZEE Anmol)' के फ्री-टू-एयर से हटने और कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते कंपनियों की तरफ से ब्रांड्स के विज्ञापन पर होने वाले खर्च में कटौती से उसका एडवर्टाइजिंग बिजनेस प्रभावित हुआ।
ऑपरेटिंग मोर्चे पर, ZEE का EBITDA (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) जून तिमाही में सालाना आधार पर 29.5 फीसदी घटकर 235.8 करोड़ रुपये रहा। वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 6.06 घटकर 12.77 फीसदी पर आ गया।
इस बीच ZEE लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को NSE पर 2.14% गिरकर 242.75 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों में पिछले एक महीने में करीब 9 फीसदी की तेजी आई है। हालांकि साल 2022 की शुरुआत से अब तक कंपनी का शेयर करीब 24.83 फीसदी नीचे गिर चुका है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 32.47 फीसदी का रिटर्न दिया है।