Zomato Q2 Results: ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) का घाटा मौजूदा वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कम हुआ है। कंपनी ने गुरुवार 10 नवंबर को अपनी नतीजे जारी करते हुए बताया कि सितंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड नेट लॉस कम होकर 251 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 430 करोड़ रुपये रहा था। रेवेन्यू के मोर्चे पर भी Zomato का प्रदर्शन अच्छा दिख रहा है। कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 62.2 फीसदी बढ़कर 1,661 करोड़ रुपये रहा। जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1,024 करोड़ रुपये रहा था।
Zomato का ऑपरेटिंग घाटा ₹192 करोड़ रहा
Zomato ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसका 'एडजस्टेड' ऑपरेटिंग घाटा बढ़कर 192 करोड़ रुपये रहा, जो इसकी ठीक पिछली तिमाही में 150 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने बताया कि क्विक कॉमर्स सेक्टर में हुए नुकसान को समायोजित करने से सितंबर तिमाही में उसका घाटा बढ़ा है।
कंपनी के फूड डिलीवरी कारोबार का ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV) सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 23 फीसदी और तिमाही आधार पर 3 फीसदी बढ़ा है। कंपनी ने बताया कि ऑर्डर की संख्या और औसत ऑर्डर की वैल्यू दोनों में सितंबर तिमाही के दौरान इजाफा हुआ है।
प्रति ऑर्डर रेवेन्यू में बढ़ोतरी के कारण सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 27 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 8 प्रतिशत अधिक एडजस्टेड रेवेन्यू (फूड डिलीवरी के लिए) देखने को मिला।
Blinkit का ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू 26% बढ़ा
Zomato ने बताया कि उसकी ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट (Blinkit) का ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV) सितंबर तिमाही में तिमाही आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 1482 करोड़ रुपये रहा। Blinkit के रेवेन्यू में तिमाही आधार पर 44 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई है। ब्लिंकिट का एडजस्टेड EBITDA लॉस 259 करोड़ रुपये रहा, जो इसकी पिछली तिमाही में 326 करोड़ रुपये रहा था। बता दें कि Zomato ने अगस्त में ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट (Blinkit) का अधिग्रहण किया था।
Zomato के शेयर 55% लुढ़के
इस बीच Zomato के शेयर आज एनएसई पर 2.53% गिरकर 63.65 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 2.90 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक जोमैटो के शेयरों की कीमत करीब 55 फीसदी गिर चुकी है।