डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने वापस लिया Colgate के खिलाफ आंदोलन, मांगे पूरी करने के लिए 3 महीने का दिया समय

एसोसिएशन ने पहले 1 जनवरी 2022 से कोलगेट के 'मैक्स फ्रेश' उत्पादों लाइन का बहिष्कार किया था

अपडेटेड Jan 06, 2022 पर 9:19 PM
Colgate के खिलाफ महाराष्ट्र में डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने आंदोलन वापस लिया

ऑल इंडिया कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (AICPDF) ने गुरुवार 6 जनवरी को बताया कि उसने कोलगेट-पामोलिव (Colgate-Palmolive) के खिलाफ अपने आंदोलन को "अगली सूचना तक के लिए स्थगित" कर दिया है। इससे पहले कोलगेट के अधिकारियों ने AICPDF के प्रतिनिधियों से बात की और डिस्ट्रीब्यूटरों की चिंताओं को दूर करने का आश्वासन दिया। इसी के बाद AICPDF ने अपना विरोध प्रदर्शन वापस लेने का ऐलान किया।

AICPDF के मीडिया संयोजन प्रसाद जंवर ने बताया कि कोलगेट-पामोलिव ने 5 जनवरी को फेडरेशन के पदाधिकारियों को कंपनी के उच्च अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए बुलाया था। इस दौरान उन्होंने बताया कि B2B और ई-B2B प्लेटफॉर्मों के चलते डिस्ट्रीब्यूटरों को किस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Upcoming IPO: पैसे लगाने के लिए हो जाइए तैयार, अडानी विल्मर सहित इन 8 कंपनियों के आने वाले हैं आईपीओ


AICPDF ने आरोप लगाया है कि बड़ी FMCG कंपनियां अपने उत्पादों को थोक विक्रेताओं और B2B प्लेटफॉर्म को काफी कम दर पर बेच रहे हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। जंवर ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे उनकी हितों की रक्षा के लिए जल्द कदम उठाएंगे। साथ ही उन्हें एक ईमेल आईडी दी है, जहां फेडरेशन के प्रतिनिधि बाजार में किसी भी तरह की गड़बड़ी दिखने पर तुरंत शिकायत भेज सकते हैं।

जंवर ने कहा, 'फेडरेशन के पदाधिकारी इस मामले को लेकर बाजार में पैनी नजर रखेंगे। अगर अगले तीन महीने बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो हम फिर से इन कंपनियों के खिलाफ आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।" उन्होंने कहा, "आज से कोलगेट के खिलाफ आंदोलन को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।"

इससे पहले फेडरेशन ने कोलगेट पर उनकी चिंताओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए 'मैक्स फ्रेश' सीरीज के सभी उत्पादों का 1 जनवरी 2022 से बहिष्कार का आह्वान किया था। साथ ही फेडरेशन ने कहा था कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी गईं तो वे कोलगेट के अन्य उत्पादों का भी बहिष्कार शुरू करेंगे।

बता दें कि इससे पहले फेडरेशन ने हिंदुस्तान यूनिलीवर के खिलाफ भी इसी तरह का आंदोलन शुरू किया था। हालांकि कंपनी के अधिकारियों से बात करने के बाद उसके खिलाफ आंदोलन वापस ले लिया था।

फेडरेशन ने इससे पहले 1 जनवरी, 2022 से कोलगेट के 'मैक्स फ्रेश' उत्पाद लाइन का बहिष्कार करने का आह्वान किया था और दावा किया था कंपनी ने उनकी चिंताओं पर ध्यान नहीं दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।