
इंफोसिस के शेयर में आज तेजी देखने को मिली। अच्छे नतीजों के दम पर इंफोसिस का शेयर 52 हफ्ते के ऊच्च स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान शेयर करीब 6 फीसदी से ज्यादा चढ़ा। शुक्रवार को इंफोसिस के नतीजे आए थे। चौथी तिमाही में कंपनी ने शानदार नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा और मार्जिन उम्मीद से बेहतर रहा है। मुनाफा 3 हजार 465 करोड़ रुपये से बढ़कर 3 हजार 597 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं मार्जिन 24.9 फीसदी से बढ़कर 25.5 फीसदी पर पहुंच गया है।
एल्केम लैब के शेयर की आज पिटाई हुई। शेयर करीब 5 फीसदी तक टूट गया। दरअसल जर्मन रेगुलेटर ने कंपनी के क्लिनिकल डाटा में गड़बड़ी पाई है। साथ ही ईएमए यानि यूरोपियन मेडीसिन एजेंसी ने भी इस मामले की समीक्षा की है। इससे पहले कंपनी ने यूरोपियन मेडीसिन एजेंसी के सामने अपनी सफाई पेश की थी।
एलेंबिक फार्मा में आज जोरदार गिरावट देखी गई। कंपनी के तालुका प्लांट में गड़बड़ी की खबरों के बाद शेयर पर दबाव देखा गया। अमेरिकी दवा रेगुलेटर यूएसएफडीए ने कंपनी के तालुका प्लांट की 21-23 मार्च के बीच जांच की थी जिसमें फॉर्मूलेशन यूनिट-1 में गड़बड़ियां पाई गई थीं। यूएसएफडीए की जांच से पता चला है कि यूनिट में क्वालिटी कंट्रोल के नियमो के उल्लंघन किया गया। साथ हीं समय पर प्रोडक्शन और कंट्रोल प्रोसीजर को भी नहीं लिखा गया।
केर्न एनर्जी को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने आयकर विभाग को 30 जून तक केर्न पर जबरन कार्रवाई करने से मना किया है। कंपनी की अर्जी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने ये आदेश दिया है। कंपनी का कहना है कि वो सरकार के सेटलमेंट प्लान पर विचार कर रही है। इसके अलावा मामले को सुलझाने के लिए पेरेंट कंपनी ने भी आर्बिट्रेशन शुरू किया है। केर्न की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट 4 अगस्त को अगली सुनवाई करेगा।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।