HDFC Bank ने 31 दिसंबर 2022 को खत्म हुई तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में बैंक के कंसोलिडेटेड मुनाफे में सालाना आधार पर 19.9 फीसदी बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह 12668 करोड़ रुपये पर रहा है। इस अवधि में बैंक के कंसोलिडेटेड एडवांसेज में सालाना आधार पर 19.2 फीसदी बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह 31 दिसंबर 2022 में खत्म हुई तिमाही में 15.63 लाख करोड़ रुपये पर रहा है। ये पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 13.12 लाख करोड़ रुपये पर रहा था।
दिसंबर तिमाही में एचडीएफसी बैंक का स्टैंडअलोन मुनाफा तिमाही आधार पर 18.5 फीसदी की बढ़त के साथ 12259.5 करोड़ रुपये पर रहा है। जो कि मनीकंट्रोल के 11754 करोड़ रुपये के अनुमान से ज्यादा है।
दिसंबर 2022 तिमाही में HDFC बैंक की नेट इंट्रेस्ट इनकम सालाना आधार पर 24.6 फीसदी की बढ़त के साथ 22987 करोड़ रुपये पर रही है। जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 18443.5 करोड़ रुपये पर रही थी। दिसंबर तिमाही में बैंक की कोर नेट इंट्रेस्ट मार्जिन उसके कुल एसेट की 4.1 फीसदी रही है।
HDFC बैंक ने एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया है कि दिसंबर तिमाही में बैंक का ग्रॉस एनपीए ग्रांस एडवांसेज के 1.23 फीसदी पर रहा है। जो कि पिछली तिमाही में भी 1.23 फीसदी पर था। इसी तरह दिसंबर 2022 तिमाही में HDFC बैंक का नेट एनपीए 0.33 फीसदी पर रहा है। पिछली तिमाही से इस तिमाही तक बैंक के नेट एनपीए की स्थिति में कोई सुधार या गिरावट नहीं देखने को मिला है।
कुल डिपॉजिट में हेल्दी ग्रोथ
दिसंबर तिमाही में HDFC बैंक के कुल डिपॉजिट में सालाना आधार पर 19.9 फीसदी की हेल्दी ग्रोथ देखने को मिली है और यह 17.33 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इस अवधि में कंपनी के CASA (current account savings account) डिपॉजिट में 12 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। इस अवधि में बैंक का सेविंग अकाउंट डिपॉजिट 535206 करोड़ रुपये रहा है और करेंट अकाउंट डिपॉजिट 227745 करोड़ रुपये पर रहा है।