IDBI Bank Q1: प्राइवेट सेक्टर के बैंक आईडीबीआई बैंक ने 24 जुलाई को 30 जून 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 62 फीसदी की उछाल के साथ 1224 करोड़ रुपए पर रहा है। जबकि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंक का मुनाफा 756 करोड़ रुपए पर रहा था। 30 जून 2023 को खत्म हुई पहली तिमाही में आईडीबीआई बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई सालाना आधार पर 60.7 फीसदी की बढ़त के साथ 3997.6 करोड़ रुपए पर रही है। बता दें कि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई 2487.5 करोड़ रुपए पर रही थी।
पहली तिमाही में आईडीबीआई बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार देखने को मिला है। तिमाही दर तिमाही आधार पर आईडीबीआई बैंक का ग्रॉस एनपीए 6.38 फीसदी से घटकर 5.05 फीसदी पर रहा है। वहीं, नेट एनपीए 0.92 फीसदी से घटकर 0.44 फीसदी पर रही है।
आईडीबीआई बैंक के नेट इन्टरेस्ट मार्जिन (NIM) में भी सुधार देखने को मिला है। अप्रैल-जून 2023 तिमाही में आईडीबीआई बैंक की नेट इन्टरेस्ट मार्जिन सालाना आधार पर 178 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 5.8 फीसदी रही है। वहीं, अप्रैल-जून 2022 तिमाही में आईडीबीआई बैंक की नेट इन्टरेस्ट मार्जिन 4.02 फीसदी पर रही थी।
रिटेल बैंकिंग सेगमेंट की आय 7106 करोड़ रुपए पर रही
बैंक के अलग-अलग सेगमेंट के प्रदर्शन पर नजर डालें तो आईडीबीआई बैंक के कॉरपोरेट और होलसेल सेगमेंट की आय 2696 करोड़ रुपये पर रही है। ये पिछले साल की इसी तिमाही में 1264 करोड़ रुपये पर रही थी। इसी बैंक की कमाई में सबसे ज्यादा योगदान करने वाले रिटेल बैंकिंग सेगमेंट की आय सालाना आधार पर 5656 करोड़ रुपए से बढ़कर 7106 करोड़ रुपए पर रही है।
आईडीबीआई बैंक के शेयरों की चाल पर नजर डालें तो 03:15 बजे के आसपास एनएसई पर ये स्टॉक 0.65 रुपए यानी 1.13 फीसदी की बढ़त के साथ 58.10 रुपए पर नजर आ रहा है। इस स्टॉक का आज का दिन का हाई 58.95 रुपए का और दिन का लो 57.70 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक हाई 62 रुपए और 52 वीक लो 34.85 रुपए का है। स्टॉक का वॉल्यूम 15722868 करोड़ रुपए हैं। बैंक मार्केट कैप 62363 करोड़ रुपए हैं।
आईडीबीआई बैंक ने पिछले 1 हफ्ते में 0.26 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया है। स्टॉक में पिछले एक महीने में करीब 8 फीसदी की तेजी आई है। 3 महीने में इस शेयर ने 10.40 फीसदी रिटर्न दिया है। वहीं, इस साल अब तक इस शेयर ने 6.44 फीसदी रिटर्न दिया है। जबकि पिछले एक साल में इसने 58 फीसदी रिटर्न दिया है।