जम्मू-कश्मीर में ताजा हालात को देखते हुए विमानन कंपनी इंडिगो ने अपने किराए की सूची में बदलाव किया है। इंडिगो ने 10 अगस्त तक श्रीनगर एयरपोर्ट से रवाना होने वाली उड़ानों के लिए दूरी (डिस्टेंस) के हिसाब से किराया तय किया है। स तरह का किराया ऐसे समय लागू किया गया है जब जम्मू कश्मीर प्रशासन ने आतंकी खतरे का हवाला देते हुए अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को घाटी से निकलने को कहा है।
दरअसल जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों के लिए जारी एडवाइजरी के बाद से ही फ्लाइट टिकेट बुकिंग की संख्या बढ़ने लगी थी। ऐसे में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस से किराए को नियमित रखने की हिदायत भी दी थी।

इस मामले में इंडिगो ने कहा है कि, श्रीनगर एयरोपर्ट से 500 किलोमीटर की यात्रा पर मैक्जिमम 6,000 रुपये लगेंगे । इंडिगो ने कहा है कि 501-750 किलोमीटर की यात्रा पर प्रति यात्री 7500 रुपये, 751-1000 किलोमीटर तथा 1001 से 1300 किलोमीटर पर क्रमश: 9,000 रुपये और 12,000 रुपये अधिकतम किराया होगा । श्रीनगर एयरपोर्ट 1300 किलोमीटर से ज्यादा के सफर पर 15,000 रुपये अधिकतम किराया तय किया गया है।

आपको बता दें कि, एयर इंडिया ने अपना किराया कम किया था। विमानन कंपनी एयर इंडिया का कहना था कि एयर इंडिया ने श्रीनगर जाने और वहां से आने वाली सभी उड़ानों का किराया 9500 रुपये तय करने का फैसला लिया है। वहीं श्रीनगर से दिल्ली की फ्लाइट का किराया 6715 रुपये और दिल्ली से श्रीनगर का किराया 6899 रुपये तय किया है।