IndiGo Q4 Results: हवाई सफर की मजबूत डिमांड से इंडिगो ने भरी ऊंची उड़ान; मुनाफा 62% बढ़ा, डिविडेंड का ऐलान
IndiGo Q4 Results: इंडिगो ने मार्च तिमाही में ₹3,073 करोड़ का मुनाफा कमाया है, जो सालाना आधार पर 62% की बढ़त है। मजबूत घरेलू ट्रैवल डिमांड ने देसी विमानन कंपनी की कमाई बढ़ाई। कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
मार्च तिमाही में इंडिगो का रेवेन्यू भी 24% बढ़कर ₹22,152 करोड़ रहा।
IndiGo Q4 Results: लो-कॉस्ट एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) को चलाने वाली इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (InterGlobe Aviation Ltd.) ने 21 मई को मार्च 2025 में समाप्त तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। विमानन कंपनी को मार्च तिमाही में ₹3,067.5 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ है, जो सालाना आधार पर 62% की बढ़त है। इसकी वजह भारत में घरेलू हवाई यात्रा की मजबूत मांग रही।
ब्रोकरेज अनुमान से बेहतर रहा मुनाफा
मार्केट शेयर के लिहाज से देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो ने पिछले साल इसी तिमाही में ₹1,894.8 करोड़ का मुनाफा कमाया था। यह नतीजे ब्रोकरेज अनुमानों से बेहतर हैं, जिनमें ₹2,330 करोड़ से ₹2,432 करोड़ तक के मुनाफे का अनुमान जताया गया था।
कंपनी की ऑपरेशनल आय (Revenue from operations) 24% बढ़कर ₹22,151.9 करोड़ हो गई, जो पिछले साल ₹17,825.3 करोड़ थी। हालांकि, यह ₹22,500 करोड़ के अनुमान से थोड़ी कम रही। इंडिगो का EBITDAR ₹6,948.2 करोड़ रहा, जो कि पिछले साल ₹4,412.3 करोड़ था। EBITDAR मार्जिन 24.8% से बढ़कर 31.4% हो गया।
टिकट और ऐड-ऑन कमाई भी बढ़ी
एयरलाइन की यात्री टिकट से होने वाली आय ₹19,567.3 करोड़ रही, जो साल-दर-साल 25.4% की वृद्धि है। वहीं, ऐड-ऑन सेवाओं (जैसे चेक-इन बैगेज, सीट सिलेक्शन आदि) से आय ₹2,152.5 करोड़ रही, जो पिछले साल से 25.2% अधिक है।
Q4FY23 में ये आंकड़े क्रमश: ₹12,435 करोड़ और ₹1,445 करोड़ थे। प्रति किलोमीटर औसत कमाई (Yield) 2.4% बढ़कर ₹5.32 रही। वहीं, लोड फैक्टर (यानी यात्री क्षमता का उपयोग) 1.1% बढ़कर 87.4% हो गया।
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने कहा, “हम ग्रोथ की इस रफ्तार को बनाए रखते हुए लागत नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर फोकस करेंगे। यूरोप में नए ऑपरेशंस इसकी शुरुआत है।”
फ्यूल कॉस्ट और ऑपरेशन
पिछली तिमाही में इंडिगो को ईंधन लागत और विदेशी मुद्रा में अस्थिरता की वजह से घाटा हुआ था। हालांकि, अब घरेलू हवाई सफर की जबरदस्त रिकवरी से फायदा हुआ है।
मार्च तिमाही में कंपनी ने 277.71 लाख यात्रियों को उड़ाया और 64.3% का मार्केट शेयर हासिल किया। एक साल पहले यह संख्या 235.97 लाख और मार्केट शेयर 60.3% था।
यूनिट रेवेन्यू और कॉस्ट
RASK (प्रति सीट किलोमीटर राजस्व): ₹5.26 (पिछले साल ₹5.14)
CASK (प्रति सीट किलोमीटर लागत): ₹4.51 (पिछले साल ₹4.62)
डेट और कैश की स्थिति
मार्च तिमाही में कंपनी का कुल कर्ज 30.3% बढ़कर ₹66,809.8 करोड़ हो गया। वहीं, कुल नकदी 38.7% बढ़कर ₹48,170.5 करोड़ हो गई, जिसमें ₹33,153.1 करोड़ फ्री कैश शामिल है।
इंडिगो की फ्लीट और उड़ानें
मार्च तिमाही के अंत में इंडिगो के पास 434 विमान थे, जो पिछले क्वार्टर के 437 विमानों से कम हैं। इस अवधि में इंडिगो ने प्रतिदिन औसतन 2,304 उड़ानों का संचालन किया, जिनमें कुछ गैर-निर्धारित उड़ानें भी थीं।
डिविडेंड और शेयरों का हाल
इंडिगो ने 10 प्रति शेयर का डिविडेंड देने का ऐलान किया है। इंडिगो का शेयर नतीजों के ऐलान से पहले बुधवार (21 मई 2025) को 0.27% की मामूली बढ़त के साथ ₹5,456.50 पर बंद हुए।
इंडिगो के शेयरों में इस साल यानी 2025 में अब तक 18.73% की तेजी आई है। इस विमानन कंपनी का मार्केट कैप ₹2.11 लाख करोड़ है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।