नौकरी.कॉम (Naukri) और 99एकड़ (99 acres) के मोबाइल ऐप को गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) ने अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। ये दोनों की मालिक इंफोएज (Info Edge) है। इंफोएज के फाउंडर संजीव बिकचंदानी ने मनीकंट्रोल से इस खबर की पुष्टि किया है कि नौकरी और 99 एकड़ के ऐप को प्ले स्टोर से हटा दिया गया है। नौकरी ऐप, रिक्रूमेंट बिजनेस से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराती है। वहीं 99 एकड़, रियल एस्टेट बिजनेस मुहैया कराता है।
यह कार्रवाई गूगल के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत उसने 'जरूरत से अधिक समय' तक उसकी ऐप बिलिंग पॉलिसी का पालन नहीं करने वाले ऐप को हटाने का फैसला किया है। कंपनी का मैट्रीमोनी बिजनेस ऐप 'जीवनसाथी' इस खबर को लिखे जाने तक प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
हालांकि बिकचंदानी ने मनीकंट्रोल को बताया कि वे 9 फरवरी से Google की ऐप पॉलिसी का पालन कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने Google की ऐप बिलिंग पॉलिसी के खिलाफ एक मामले में अंतरिम आदेश पास किया था। उन्होंने कहा कि गूगल के सभी बकाये का भुगतान समय पर कर दिया गया है।
इससे पहले दिन में इंफोएज के शेयर एनएसई पर, 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,288.15 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 2 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसने 50 फीसदी से अधिक का शानदार रिटर्न दिया है। फिलहाल कंपनी की मौजूदा मार्केट वैल्यू 68.28 करोड़ रुपये है।