Jubilant Food ने रोडस्टेक टेक की खरीदी 29.42% हिस्सेदारी, जानिए इस डील से कंपनी को क्या होगा फायदा

Jubilant FoodWorks ने बताया कि उसे उम्मीद है कि वह रोडकास्ट टेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की 10.58 प्रतिशत और हिस्सेदारी का अधिग्रहण अगले महीने 26 अक्टूबर तक कर लेगी

अपडेटेड Sep 26, 2022 पर 10:22 PM
जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयर सोमवार को NSE पर करीब 3% गिरकर 601.65 रुपये पर बंद हुए

डॉमिनोज पिज्जा की भारत में फ्रेंचाइजी स्टोर चलाने वाली कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स (Jubilant FoodWorks) ने सोमवार 26 सितंबर को बताया कि उसने रोडकास्ट टेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (Roadcast Tech Solutions Private Limited) की कुल 29.24 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में यह जानकारी दी।

Jubilant FoodWorks ने बताया कि उसे उम्मीद है कि वह रोडकास्ट टेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की 10.58 प्रतिशत और हिस्सेदारी का अधिग्रहण अगले महीने 26 अक्टूबर तक कर लेगी।

कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया, "हमने 28 जुलाई 2022 को भेजे एक लेटर में रोडकास्ट टेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (रोडकास्ट) में 40% हिस्सेदारी के अधिग्रहण के योजना की जानकारी दी थी। इस लेटर के जरिए हम यह बात रहे हैं कंपनी ने 26 सितंबर 2022 तक रोडकास्ट में 29.42% हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है और बाकी 10.58% हिस्सेदारी का अधिग्रहण 26 अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है।"


यह भी पढ़ें- GST काउंसिल जैसी संस्थाओं को बनाने में समय और धैर्य लगता है: FM निर्मला सीतारमण

बता दें कि Jubilant FoodWorks ने 28 जुलाई 2022 को रोडकास्ट के साथ उसकी 40 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक शेयर सब्सक्रिप्शन समझौता, शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट और शेयर परचेज एग्रीमेंट किया था। रोडकास्ट, डिलीवरी सर्विस के मैनेजमेंट के लिए एक लॉजिस्टिक प्लेटफॉर्म की सुविधा ऑफर करती है। इसकी डिलीवरी ऑटोमेशन SaaS प्लेटफॉर्म इसके ग्राबकों को रियल टाइम में अपने फ्लीट और कर्मचारियों की मॉनिटरिंग में मदद करता है।

जुबिलेंट फूडवर्क्स ने कहा, "यह निवेश स्टार्ट-अप और उभरते बिजनेसों में रणनीतिक निवेश करने के कंपनी के इरादे को बताता है। साथ ही यह टेक्नोलॉजी के जरिए संचालित एक मल्टी-ब्रांड और मल्टी-कंट्री फूड बिजनेस को बनाने के हमारे लक्ष्य के अनुरूप है।"

इस बीच जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयर सोमवार को एनएसई पर करीब 3 फीसदी गिरकर 601.65 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 0.26 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं साल 2022 की शुरुआत से अब तक कंपनी के शेयरों में 17.68 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।